Chhattisgarh

लुतरा शरीफ में 68वें सालाना उर्स-ए-पाक की रौनक चरम पर, देशभर से पहुंच रहे जायरीन

जांजगीर-चांपा। लुतरा शरीफ में शहंशाह-ए-छत्तीसगढ़ हजरत बाबा सैय्यद इंसान अली शाह रहमतुल्लाहि अलैह का 68वां सालाना उर्स-ए-पाक अकीदत और एहतराम के साथ जारी है। सोमवार को पारंपरिक परचम कुशाई के साथ उर्स का विधिवत आगाज हुआ। उर्स शुरू होते ही लुतरा शरीफ की दरगाह में देशभर से जायरीनों की आमद तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ ही देश के अलग-अलग राज्यों से पहुंचे अकीदतमंद दरगाह में हाजिरी देकर बाबा की बारगाह में अकीदत के फूल पेश कर रहे हैं और अपनी मुरादों के लिए दुआएं मांग रहे हैं।

उर्स को लेकर लुतरा शरीफ में विशेष रौनक देखने को मिल रही है। दरगाह परिसर लगातार जायरीनों की आवाजाही से गुलजार है। 30 सितंबर और 1 अक्टूबर की रात यहां शानदार कव्वाली की महफिल आयोजित की जाएगी। 30 सितंबर को देश के मशहूर कव्वाल मुस्तफा अजीज नाजा अपनी प्रस्तुति देंगे, जबकि 1 अक्टूबर को मशहूर कव्वाल रईस अनीस साबरी सूफियाना कव्वाली पेश करेंगे। दोनों कार्यक्रम रात 10 बजे से शुरू होंगे। कव्वाली की महफिल को लेकर अकीदतमंदों में खासा उत्साह है और बड़ी संख्या में जायरीनों के पहुंचने की संभावना है।

जायरीनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दरगाह इंतेजामिया कमेटी ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। शासन-प्रशासन की ओर से भी कमेटी को आवश्यक सहयोग दिया जा रहा है।

दरगाह इंतेजामिया कमेटी के अध्यक्ष इकबाल हक ने उर्स में शामिल होने पहुंचे सभी जायरीनों का इस्तकबाल करते हुए शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। कमेटी के खजांची फैजान अहमद शिबू ने बताया कि उर्स के दौरान 24 घंटे आम लंगर जारी रहेगा। इसके अलावा जायरीनों के लिए पेयजल, भोजन और ठहरने की व्यवस्था की गई है। साफ-सफाई और स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है तथा परिसर में जगह-जगह डस्टबिन लगाए गए हैं।

इंतेजामिया कमेटी के सदस्य मुशर्रफ खान ने बताया कि 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को बड़ी संख्या में जायरीनों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए विशेष व्यवस्था की गई है। कव्वाली कार्यक्रम के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और जायरीनों की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज तथा भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मखमूर खान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

68वें सालाना उर्स-ए-पाक को सफल बनाने के लिए इंतेजामिया कमेटी के अध्यक्ष इकबाल हक, खजांची फैजान अहमद शिबू, नायब खजांची जावेद रब्बानी, एजाज भाई, मुशर्रफ खान, वहाब खान, अनवारुल हक, करीम भाई, शाहनवाज, अब्दुल गफ्फार, नजीर अहमद, सज्जाद सिद्दीकी, कुद्दूस भाई सहित कमेटी के अन्य सदस्य व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं। उर्स के चलते लुतरा शरीफ में अकीदतमंदों की आमद लगातार बढ़ रही है और आगामी कव्वाली की महफिलों को लेकर दरगाह परिसर में रौनक और बढ़ने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button