लखनऊ में बारिश से दीवार गिरी, 9 की मौत
लखनऊ ,16 सितम्बर। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भारी बारिश के बीच शुक्रवार तड़के 3 बजे बड़ा हादसा हुआ। दिलकुशा कॉलोनी में दीवार गिरने से 9 लोगों की दबकर मौत हो गई। दो की हालत गंभीर बनी है, जिन्हें सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। DM सूर्यपाल गंगवार ने 9 लोगों की मौत की पुष्टि की है। सभी मृतक और घायल झांसी जिले के पचवारा के रहने वाले हैं।
कैंट एरिया में आर्मी की पुरानी दीवार के सहारे झोपड़ी में रह रहे थे। नई बाउंड्रीवाल के निर्माण कार्य में लगे थे। DM ने बताया कि बांउड्रीवाल के पास लोग झोपड़ी में सोए थे। रेस्क्यू देर रात ही पूरा कर लिया गया है। घायलों की हालत खतरे से बाहर है। सिविल हॉस्पिटल के डायरेक्टर आनंद ओझा का कहना है कि सुबह 7 बजे 9 लोगों को लाया गया था, सभी लोगों की मौत हो चुकी थी। इसके अलावा दो घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
आर्मी कैंट के पास हादसा हुआ तो मौके पर रेस्क्यू के लिए आर्मी के जवान भी पहुंच गए। CM योगी हादसे में नजर बनाए हैं। DM और पुलिस अधिकारियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। CM ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपए की राहत राशि देने का ऐलान किया है। घायलों के बेहतर इलाज कराए जाने के सीएम ने निर्देश दिए हैं।
मजदूर सीमेंटेड ईंट को मिट्टी से जोड़कर दीवार बनाए थे। उसी के सहारे झोपड़ी बनाकर रहते थे। तीन दिनों से लखनऊ में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। सुबह 3 बजे के आसपास अचानक घटी इस घटना से मौके पर चीख पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने बताया कि भारी बारिश होने के चलते दीवार काफी कमजोर हो गई थी।
आसपास की मिट्टी धंसने से दीवार ढह गई। घटना होते ही सेना के जवान मौके पर आकर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गए। दबे लोगों को निकालकर हॉस्पिटल पहुंचाया। नौ लोगों को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया, दो का इलाज चल रहा है।