Entertainment

Oscar Awards 2023 से पहले अमेरिका में RRR की सबसे बड़ी स्क्रीनिंग, बुक हुआ 1600 सीट्स का पूरा थिएटर

एसएस राजामौली की फिल्म आरआरआर ने ऑस्कर नॉमिनेशंस तक का रोमांचक सफर तय कर लिया है। फिल्म का गाना नाटू नाटू बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग कैटेगरी में नॉमिनेटेड है और ट्रॉफी जीतने का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। आरआरआर ग्लोबल फिल्म बन चुकी है और कई देशों के दर्शकों से इसे सकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। 

फिल्म के ट्विटर एकाउंट से शेयर की गयी जानकारी के अनुसार, स्क्रीनिंग पहली मार्च को शाम 7.30 बजे से द थिएटर एट एस होटल में आयोजित की जा रही है। अमेरिका में आरआरआर के क्रेज को इस बात से समझा जा सकता है कि इस थिएटर की क्षमता 1647 सीट्स की है, जो पूरा बुक हो चुका है। स्क्रीनिंग के बाद सवाल-जवाब का सत्र होगा, जिसमें राजामौली, राम चरन और कीरावानी दर्शकों के सवालों के जवाब देंगे।

दुनियाभर में आरआरआर 24 मार्च 2022 को रिलीज हुई थी। तकरीबन एक साल बाद भी फिल्म चर्चा में बनी हुई है। नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने के बाद इसे ग्लोबल रीच मिली और ऐसे देशों में भी फिल्म देखी गयी, जहां भारतीय कंटेंट अधिक नहीं पहुंचता। इस ग्लोबल फैन फॉलोइंग ने आरआरआर को इस बार के ऑस्कर समारोह की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल कर दिया है।

आरआरआर का ऑस्कर तक का सफर भी काफी दिलचस्प रहा है। फिल्म ने लॉन्ग लिस्ट से शॉर्ट लिस्ट और फिर नॉमिनेशंस की अंतिम पांच की लिस्ट में अपना नाम दर्ज करवाया। खास बात यह है कि भारत की ओर से बेस्ट इंटरनेशनल फिल्म कैटेगरी में भेजी गयी गुजराती फिल्म छेलो शो नॉमिनेशंस की रेस के बाहर हो चुकी है। 

Related Articles

Back to top button