रायपुर रेलवे स्टेशन पर युवती का मोबाइल झपटकर भाग रहा आरोपी यातायात पुलिस के जवानों ने पीछा कर पकड़ा

रायपुर, 3 अक्टूबर 2026। रेलवे स्टेशन क्षेत्र में यातायात व्यवस्था संभालने के साथ अपराध नियंत्रण में भी यातायात पुलिस के जवानों ने तत्परता का परिचय दिया। रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास एक युवती से मोबाइल छीनकर भाग रहे आरोपी को यातायात पुलिस के जवानों ने पीछा कर पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल बरामद कर युवती को सुरक्षित वापस सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार, यातायात थाना फाफाडीह के आरक्षक क्रमांक 106 शेख जुम्मन और नगर सैनिक क्रमांक 03 मोहसिन खान रेलवे स्टेशन क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि गेट नंबर-1 के पास एक व्यक्ति युवती का मोबाइल जबरदस्ती छीनकर तेजी से भाग रहा है। सूचना मिलते ही दोनों जवानों ने तत्काल आरोपी का पीछा शुरू कर दिया।
भीड़भाड़ वाले रेलवे स्टेशन क्षेत्र में जवानों ने सूझबूझ और सतर्कता के साथ आरोपी की घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से युवती का छीना हुआ मोबाइल बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना गंज पुलिस के सुपुर्द किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। वहीं, मोबाइल की पहचान और तस्दीक की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे उसकी वास्तविक धारक युवती को थाना बुलाकर विधिवत वापस सौंप दिया गया। मोबाइल वापस मिलने पर युवती ने यातायात पुलिस के जवानों का आभार जताते हुए धन्यवाद दिया।
यातायात पुलिस अधिकारियों ने कर्तव्य के प्रति निष्ठा, सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के लिए आरक्षक शेख जुम्मन और नगर सैनिक मोहसिन खान की सराहना की। पुलिस ने नागरिकों से रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मोबाइल फोन, बैग और कीमती सामान को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से चलते समय मोबाइल में अत्यधिक व्यस्त रहने से बचने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिसकर्मियों, कंट्रोल रूम या डायल 112 पर देने की अपील की है।




