Chhattisgarh

रायपुर में MSc की छात्रा ने की आत्महत्या, कमरे में फंदे से झूलती मिली लाश

रायपुर, 27 अक्टूबर। राजधानी रायपुर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। साइंस कॉलेज की एमएससी की एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र के सुंदरनगर आदर्श चौक स्थित रामजी कुंज की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मृतका का नाम प्रज्ञा शर्मा (25 वर्ष) है। 17 अक्टूबर को उसकी एक सहेली उससे मिलने उसके किराए के मकान पर पहुंची थी। जब उसने कमरे का दरवाजा खोला तो सामने का नजारा देख उसके होश उड़ गए। प्रज्ञा की लाश सीलिंग फैन के रॉड से फांसी पर झूल रही थी। सहेली ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।

पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है। उसमें छात्रा ने लिखा है कि उसकी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है। उसने अपने नोट में यह भी उल्लेख किया कि उसे पिता का प्यार नहीं मिला। बताया जा रहा है कि प्रज्ञा के माता-पिता के बीच लंबे समय से अलगाव चल रहा था। पिता बीमार हैं जबकि मां महासमुंद जिले में शासकीय सेवा में पदस्थ हैं।

फिलहाल पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और आत्महत्या के कारणों की जांच जारी है। नौ दिनों से इस मामले में लगातार जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button