Chhattisgarh

रायपुर में हिट एंड रन का मामला, विधायक रेणुका सिंह के बेटे लक्की सिंह हिरासत में, तीन आरोपी फरार

रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बार फिर हिट एंड रन की गंभीर घटना सामने आई है। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात तेज रफ्तार कार ने एक बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना रात करीब दो बजे अग्रसेन धाम के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर जा रहे बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय कार में भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह के बेटे लक्की सिंह सहित कुल चार लोग सवार थे, जिनमें दो युवक और दो युवतियां शामिल थीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार स्वयं विधायक पुत्र लक्की सिंह चला रहे थे। घटना के बाद कार में सवार अन्य तीन लोग मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मुख्य आरोपी लक्की सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है, हालांकि डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।

तेलीबांधा थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि मामले में आरोपी लक्की सिंह के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने हिट एंड रन सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। साथ ही घटना के बाद फरार हुए अन्य तीन आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और कानून के अनुसार सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button