Chhattisgarh

रायपुर में जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत कार्रवाई, हेरोइन के साथ पुलिस आरक्षक गिरफ्तार

रायपुर, 11 फरवरी 2026। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सूखे नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर में पदस्थ एक आरक्षक को अवैध मादक पदार्थ चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी आरक्षक को मादक पदार्थ की बिक्री करते रंगे हाथ पकड़ा गया। उसके कब्जे से करीब एक ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 8 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के निर्देश पर क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) राहुल देव शर्मा के निर्देशन में सूखे नशे के खिलाफ विशेष कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल और सहायक पुलिस आयुक्त आजाद चौक इशु अग्रवाल के नेतृत्व में थाना टिकरापारा और आजाद चौक की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि नीलकंठेश्वर मंदिर के पीछे मठपारा क्षेत्र में एक व्यक्ति एक्सिस वाहन क्रमांक CG-04-PW-1372 में बैठकर चिट्टा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसकी पहचान आरक्षक हिमांशु बर्मन (34 वर्ष), पिता चैतुराम बर्मन, निवासी ग्राम कुण्डा जिला कबीरधाम, वर्तमान पता जनता कॉलोनी पुलिस लाइन रायपुर के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से प्लास्टिक की झिल्ली में रखा प्रतिबंधित मादक पदार्थ चिट्टा बरामद किया गया।

आरोपी के खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 119/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 में मामला दर्ज किया गया है। उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले में एंड टू एंड जांच कर रही है और मादक पदार्थ के स्रोत से लेकर गंतव्य तक की कड़ी जोड़ते हुए अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Related Articles

Back to top button