रायगढ़ में आदतन उपद्रवियों पर पुलिस का शिकंजा, 7 युवकों को जेल भेजा, शांति भंग की आशंका पर हुई कार्रवाई

रायगढ़, 1 जुलाई 2026। रायगढ़ जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में तमनार थाना क्षेत्र में आदतन झगड़ा-मारपीट और शांति भंग करने वाले सात युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी के विरुद्ध जेल वारंट जारी होने पर उन्हें जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिलेभर में गुंडागर्दी, मारपीट और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों पर लगातार नजर रखी जा रही है। एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव ने क्षेत्र में लगातार मिल रही शिकायतों की समीक्षा की। जांच में ऐसे युवकों की पहचान की गई, जिनके खिलाफ आए दिन विवाद, मारपीट और शांति भंग करने की शिकायतें सामने आ रही थीं।
पुलिस ने सभी चिन्हित युवकों को थाना बुलाकर समझाइश दी, लेकिन उनके दोबारा शांति भंग करने की आशंका को देखते हुए थाना तमनार ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 सहपठित धारा 123 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इसके बाद सभी आरोपियों को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने सभी के खिलाफ जेल वारंट जारी कर दिया, जिसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
जेल भेजे गए आरोपियों में चुडामणी गुप्ता (23), मनीष कुमार यादव (21), नारायण दास महंत (41), मनीष कुमार यादव (26), नरेन्द्र पटनायक (25) और कमल किशोर सिदार (23) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार कार्रवाई में एक अन्य आरोपी को भी न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में एएसआई सुरति लाल सिदार, प्रधान आरक्षक दिलदार कुरैशी, विपिन पटेल, हेम प्रकाश सोन तथा आरक्षक पुरुषोत्तम सिदार, पुष्पेंद्र सिदार और रंजीत भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले, आदतन झगड़ा-मारपीट करने वाले और आम नागरिकों में भय का माहौल पैदा करने वाले तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
तमनार पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के असामाजिक तत्वों में हड़कंप है, वहीं आम लोगों में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर विश्वास और मजबूत हुआ है।




