रायगढ़ में अवैध अफीम की खेती का बड़ा भंडाफोड़, 2 करोड़ से अधिक की जप्ती, एक आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 21 मार्च 2026। जिले के तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आमाघाट में अवैध अफीम की खेती का बड़ा खुलासा हुआ है। रायगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अफीम के पौधे और तैयार अफीम जप्त की है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए हैं। जप्त मादक पदार्थों की कुल कीमत करीब 2 करोड़ 5 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 19-20 मार्च की रात तमनार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम आमाघाट के खर्राघाट भैर नाला किनारे स्थित भूमि पर झारखंड निवासी मार्शल संगा द्वारा अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और संबंधित थाना क्षेत्रों की पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई के लिए रवाना किया गया।
पुलिस टीम ने आमाघाट पहुंचकर मौके पर रेड कार्रवाई की। इस दौरान खेत में काम कर रहे दो व्यक्ति फरार हो गए, जबकि एक व्यक्ति को मौके से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम मार्शल संगा (40 वर्ष), निवासी खूंटी, झारखंड बताया, जो वर्तमान में आमाघाट में रह रहा था। मौके पर दो अलग-अलग खेतों में बड़े पैमाने पर अफीम की फसल लगी पाई गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आबकारी विभाग, एफएसएल, कृषि विभाग और राजस्व विभाग की टीमों को भी मौके पर बुलाया। एफएसएल टीम द्वारा परीक्षण में फसल के अफीम होने की पुष्टि की गई। वहीं राजस्व विभाग की जांच में सामने आया कि जिस भूमि पर अफीम की खेती की जा रही थी, वह पांच अलग-अलग खसरों में दर्ज है।
मौके से कुल 60,326 अफीम पौधे बरामद किए गए, जिनका वजन 2,877 किलोग्राम पाया गया और इनकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 90 लाख रुपये बताई गई है। पूछताछ के दौरान आरोपी मार्शल संगा ने अपने बयान में बताया कि फसल से तैयार अफीम को उसने अपने घर में छिपाकर रखा है। इसके आधार पर पुलिस ने उसके आमाघाट स्थित निवास (ससुराल) में दबिश दी, जहां से 3.02 किलोग्राम तैयार अफीम बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 15 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है।
इस तरह कुल जप्त मादक पदार्थों की कीमत 2 करोड़ 5 लाख 10 हजार रुपये पहुंच गई है। मामले में आरोपी मार्शल संगा सहित उसके दो साथी इमानवेल भेंगरा और सीप्रियन भेंगरा, दोनों निवासी झारखंड, के खिलाफ थाना तमनार में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(बी) और 18 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा है कि “ऑपरेशन आघात” के तहत जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह के मामलों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।




