Chhattisgarh

रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 4 माजदा वाहनों से 14.7 टन कबाड़ जब्त, 31 लाख से ज्यादा की संपत्ति सीज

रायगढ़, 10 मई । रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध कबाड़ कारोबार और संदिग्ध संपत्ति के परिवहन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चार माजदा वाहनों से भारी मात्रा में लोहा और टीना कबाड़ जब्त किया है। पूंजीपथरा पुलिस ने तमनार चौक में नाकेबंदी कर 14 टन 700 किलो कबाड़ और चार वाहनों समेत कुल 31 लाख 23 हजार 800 रुपए की संपत्ति जब्त की है। मामले में चार वाहन चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में चोरी के माल, अवैध कबाड़ कारोबार और संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार “ऑपरेशन प्रहार” चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना पूंजीपथरा पुलिस ने 9 मई 2026 को तमनार चौक पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया।

नाकेबंदी के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि धरमजयगढ़ और घरघोड़ा क्षेत्र से अलग-अलग वाहनों में कबाड़ सामग्री लोड कर पूंजीपथरा की ओर लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम अलर्ट हो गई और संदिग्ध वाहनों को रोककर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान ट्रक क्रमांक CG 04 MR 2867 को रोका गया, जिसे पुरूषोत्तम यादव चला रहा था। वाहन में करीब 3 टन 700 किलो लोहा और टीना कबाड़ मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 88 हजार 800 रुपए बताई गई।

इसके बाद माजदा वाहन क्रमांक CG 14 MD 7161 की जांच की गई, जिसे दीपक राम मांझी चला रहा था। इस वाहन में करीब 4 टन कबाड़ सामग्री मिली, जिसकी कीमत लगभग 80 हजार रुपए आंकी गई।

तीसरे वाहन CG 04 JD 7747 में चालक पुनवा राम नौरंग मिला। वाहन में करीब 3 टन लोहा और टीना कबाड़ पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 75 हजार रुपए बताई गई।

वहीं चौथे माजदा वाहन CG 11 BM 6416 को किशना सतनामी चला रहा था। इस वाहन में भी करीब 4 टन कबाड़ लोड मिला, जिसकी कीमत लगभग 80 हजार रुपए बताई गई।

पुलिस ने जब चारों चालकों से कबाड़ परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, तो कोई भी चालक संतोषजनक जवाब या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने चोरी अथवा संदिग्ध संपत्ति होने के संदेह में सभी वाहनों और कबाड़ सामग्री को जब्त कर लिया।

पूंजीपथरा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 35(क)(ड) बीएनएसएस और धारा 303(2) बीएनएस के तहत इस्तगासा तैयार किया है। साथ ही आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर विश्वाल, प्रधान आरक्षक विनीत तिर्की, गजेन्द्र पैंकरा और आरक्षक कीर्तन यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस द्वारा “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चोरी के माल, अवैध कबाड़ कारोबार और संदिग्ध संपत्ति के परिवहन पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही उद्योगों, व्यापारियों और आम नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।

Related Articles

Back to top button