राम नवमी पर ग्राम भरूवाडीह कला में भव्य राम मंदिर का लोकार्पण, विधायक अनुज शर्मा रहे शामिल

रायपुर । राम नवमी के पावन अवसर पर ग्राम भरूवाडीह कला में भक्तिमय वातावरण के बीच नवनिर्मित श्री राम मंदिर का लोकार्पण एवं प्रभु श्री रामलला की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुई। इस गरिमामयी आयोजन में क्षेत्रीय विधायक अनुज शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम में पहुंचने पर ग्रामीणों ने विधायक का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने मंदिर में विधिपूर्वक पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। शुभ मुहूर्त में गर्भगृह में रामलला की प्रतिमा स्थापित की गई, जिसके साक्षी बनने बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि राम नवमी के दिन रामलला का आगमन पूरे गांव के लिए सौभाग्य और ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि यह मंदिर केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कृति, एकता और मर्यादा के आदर्शों का प्रतीक है। भगवान श्रीराम के जीवन से धैर्य, त्याग और न्याय का संदेश मिलता है, जिसे समाज में आत्मसात करने की आवश्यकता है।
पूजा-अर्चना के बाद महाआरती की गई तथा श्रद्धालुओं के लिए भंडारे (प्रसाद) का आयोजन किया गया। आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्राम पंचायत के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
इसके अलावा विधायक अनुज शर्मा ने क्षेत्र के अन्य ग्रामों में आयोजित राम नवमी कार्यक्रमों में भी भाग लिया।




