Chhattisgarh

रात में हादसों से बचाव के लिए कोरबा यातायात पुलिस का अभिनव कदम, पेड़ों और पशुओं पर लगाई गई रेडियम पट्टी

कोरबा, 07 फरवरी। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और रात के समय यातायात को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से कोरबा यातायात पुलिस द्वारा आज एक सराहनीय और अनोखी पहल की गई। कोसाबाड़ी से लेकर मेडिकल कॉलेज झगरहा तक सड़क किनारे स्थित पेड़ों में रेडियम पट्टी लगाई गई, ताकि अंधेरे में सड़क की दिशा और किनारे स्पष्ट रूप से दिखाई दे सकें।

इसके साथ ही सड़क पर अक्सर विचरण करने वाले गाय और बैल के सिंगों में भी रेडियम पट्टी बांधी गई, जिससे रात के समय वाहनों की रोशनी पड़ते ही ये पशु दूर से ही नजर आ सकें और संभावित दुर्घटनाओं से बचाव हो सके। यह पहल खास तौर पर उन स्थानों के लिए की गई है जहां रात के समय आवारा पशुओं के कारण हादसों की आशंका बनी रहती है।

यातायात पुलिस के इस अभियान से वाहन चालकों को समय रहते सतर्क होने में मदद मिलेगी और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है। अभियान के दौरान पुलिस कर्मियों ने स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों से भी सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की।

इस संबंध में जानकारी देते हुए यातायात पुलिस में पदस्थ एएसआई मनोज राठौर ने बताया कि यह अभियान जनहित में चलाया गया है, ताकि कम रोशनी और रात्रिकालीन समय में सड़क पर चलने वाले लोगों व पशुओं की पहचान आसानी से हो सके और दुर्घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि आगे भी ऐसे जागरूकता और सुरक्षा से जुड़े अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Related Articles

Back to top button