राज्य की सभी 11 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो रहा है : भाजपा

सुप्रीम कोर्ट ने भी ईवीएम पर फैसला सुना दिया, कांग्रेस के पास हार के लिए कोई बहाना नहीं बचा : अरुण साव
रायपुर । उपमुख्यमंत्री साव ने कहा कि अब तो सुप्रीम कोर्ट ने भी ईवीएम पर फैसला सुना दिया है। अब कांग्रेस के पास हार के लिए कोई बहाना नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि आज तक एंटी इंकमबेंसी जनता ने सुनी थी, प्रो. इंकमबेंसी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल की उपलब्धि है। आज के मतदान से स्पष्ट है कि कांग्रेस पार्टी छत्तीसगढ़ में शून्य पर आऊट होने वाली है और देश में कांग्रेस पार्टी विपक्ष बनने लायक भी नहीं बची है।
छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण के पूर्ण हुए मतदान के बाद भाजपा को अभूतपूर्व जनसमर्थन मिलने का विश्वास व्यक्त करते हुए कहा है कि बस्तर के बाद अब काँकेर, राजनांदगाँव और महासमुंद लोकसभा की जनता-जनार्दन ने पूरे छत्तीसगढ़ के विकास के लिए भाजपा के पक्ष में भारी संख्या में स्वस्फूर्त मतदान किया है। साव ने कहा कि शुक्रवार को मतदान के दूसरे चरण में मतदान का प्रतिशत भाजपा के लिए काफी उत्साहजनक हैं और भाजपा का यह विश्वास फलीभूत होने जा रहा है कि प्रदेश की सभी 11 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो रहा है।
साव ने छत्तीसगढ़ के तीन लोकसभा क्षेत्रों कांकेर, राजनांदगांव और महासमुंद में शुक्रवार को शांतिपूर्वक मतदान संपन्न कराने के लिए मतदान दल, सुरक्षा बलों के जवान, राजनैतिक कार्यकर्ताओं को साधुवाद देते हुए आभार जताया। उन्होंने कहा कि पहले और दूसरे चरण के रूझान से यह स्पष्ट हो गया है कि प्रदेश में मतदान के तीसरे और अंतिम चरण में कार्यकर्ता और अधिक उत्साह के साथ भाजपा के पक्ष में अभूतपूर्व जनसमर्थन जुटाएंगे और दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, सरगुजा, जांजगीर-चाँपा और कोरबा में भी भाजपा की ऐतिहासिक जीत की पटकथा लिखेंगे और छत्तीसगढ़ की सभी सीटों पर भाजपा प्रचंड मतों से विजयी होगी।
उप मुख्यमंत्री साव ने मतदान के दूसरे चरण के बाद शुक्रवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि काँकेर, राजनांदगाँव और महासमुंद लोकसभा सीटों में भारी संख्या में मतदाताओं ने मतदान कर यह स्पष्ट संदेश दे दिया है कि पूरा छत्तीसगढ़ अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत – विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प के साथ कदमताल करने का ख्वाहिशमंद है। छत्तीसगढ़ की जनता एक ओर नक्सली हिंसा से पूरी तरह मुक्ति चाहती है, वहीं दूसरी तरफ वह सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए भाजपा की सरकार चाहती है। साव ने कहा कि कांग्रेस के प्रति व्याप्त आक्रोश पहले व दूसरे चरण के मतदान में व्यक्त होकर कांग्रेस की चूलें हिलाने वाला साबित होगा। प्रदेश की पिछली कांग्रेस सरकार के नाकारापन से रुष्ट जनमानस का स्पष्ट रुझान भाजपा के पक्ष में नजर आ रहा है। शुक्रवार को तीनों लोकसभा सीटों की जनता ने भाजपा के पक्ष में मतदान करके यह स्पष्ट संदेश दे दिया है कि छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस के झूठ को बर्दाश्त नहीं करने वाली है और इसलिए बस्तर के रास्ते पूरे प्रदेश में कांग्रेसमुक्त अभियान शुरू हुआ है। भाजपा के प्रति यही विश्वास और उत्साह पूरे प्रदेश में दिखाई दे रहा है और भाजपा का कमल प्रदेश की सभी लोकसभा सीटों पर खिलेगा, इसमें कोई दो राय नहीं है।
भाजपा कार्यालय में पटाखे फोड़कर मनाया गया जश्नदूसरे चरण के मतदान के बाद सामने आ रहे मतदान प्रतिशत के आधार पर भाजपा की शानदार व ऐतिहासिक विजय का दावा करते हुए उत्साहित भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार की शाम एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में जमकर आतिशबाजी की और परस्पर बधाइयों का आदान-प्रदान किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की सभी 11 लोकसभा सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प दुहराते हुए कहा कि इस बार भाजपा “400 पार“ का लक्ष्य अर्जित करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार सरकार बनना तय है।इस दौरान प्रेसवार्ता में प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल, प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता, उमेश घोरमोड़े, जिला महामंत्री सत्यम दुवा मौजूद थे।