Chhattisgarh

राजीव गांधी स्टेडियम में 105 बस चालकों-परिचालकों का स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण, सड़क सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक

कोरबा। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग (आरटीओ), यातायात पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राजीव गांधी स्टेडियम में विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिले के विभिन्न मार्गों पर संचालित बसों के 105 चालकों एवं परिचालकों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं नेत्र परीक्षण किया गया।

शिविर का आयोजन यातायात पुलिस के एएसआई मनोज राठौर के समन्वय में किया गया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, डीएसपी नीतिश ठाकुर, डीएसपी डी.के. सिंह, आरटीओ अतुल असैया, ईश्वरी लहरे, सदानंद जगदेव, वस्त्रकार तथा जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों की टीम उपस्थित रही।

शिविर में चिकित्सकों ने बस चालकों एवं परिचालकों की आंखों की जांच, रक्तचाप, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण सहित अन्य आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण किए। साथ ही उन्हें सुरक्षित वाहन संचालन, नियमित स्वास्थ्य जांच और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।

अधिकारियों ने कहा कि व्यावसायिक वाहन चालकों का समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण सड़क सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है। इससे चालक की शारीरिक क्षमता का आकलन होता है और संभावित दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने में मदद मिलती है। कार्यक्रम के अंत में सभी चालकों एवं परिचालकों से सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण वाहन संचालन का संकल्प लेने की अपील की गई।

Related Articles

Back to top button