राजमोहिनी देवी की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री साय ने किया नमन

रायपुर,6 जनवरी 2026/मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सामाजिक चेतना और जनसेवा की प्रतीक पद्मश्री राजमोहिनी देवी की 6 जनवरी को पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आदिवासी समाज से निकलकर सामाजिक कुरीतियों, अंधविश्वास और शोषण के विरुद्ध आजीवन संघर्ष करने वाली राजमोहिनी देवी का जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अपने कार्यों के माध्यम से सामाजिक बदलाव की मजबूत नींव रखी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजमोहिनी देवी ने विशेष रूप से आदिवासी महिलाओं के अधिकारों, स्वाभिमान और स्वावलंबन के लिए निरंतर प्रयास किए। नशाखोरी, कुप्रथाओं और शोषण के खिलाफ जनजागरण को उन्होंने अपने जीवन का उद्देश्य बनाया और समाज को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राजमोहिनी देवी की निस्वार्थ सेवा, साहस और लोकहित के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को सामाजिक न्याय, समानता और मानवीय गरिमा के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा। उनका जीवन और योगदान सदैव समाज के लिए मार्गदर्शक बना रहेगा।










