राखड़ डंपिंग से खेतों में जलभराव, कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जांच के दिए निर्देश

0.जनदर्शन में ग्रामीण-शहरी समस्याओं पर 131 आवेदन
कोरबा, 09 फरवरी 2026। जिला कार्यालय कोरबा में आयोजित साप्ताहिक कलेक्टर जनदर्शन में बरबसपुर क्षेत्र में राखड़ डंपिंग से कृषि भूमि प्रभावित होने का मामला प्रमुखता से सामने आया। खेतों में जलभराव एवं फसल क्षति की शिकायत पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर जांच करने तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनदर्शन में कलेक्टर ने जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों से लेकर शहरी अंचलों से आए नागरिकों की समस्याएं गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनीं। इस दौरान कुल 131 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर संबंधित विभागों को नियमानुसार परीक्षण कर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बरबसपुर निवासी जवाहर लाल डहरिया द्वारा प्रस्तुत आवेदन में बताया गया कि राखड़ डंपिंग के कारण खेतों में पानी भर रहा है, जिससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहा है। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर स्थिति का आकलन करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में भूमि को कब्जामुक्त कराने, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), केवाईसी, मुआवजा, संविदा एवं अनुकम्पा नियुक्ति, सीमांकन तथा भवन निर्माण से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। ट्राइसाइकिल एवं राशन कार्ड से जुड़े आवेदनों को खाद्य एवं समाज कल्याण विभाग को प्रेषित किया गया।
हरदीबाजार निवासी द्वारा एसईसीएल भूमि मुआवजा संबंधी आवेदन पर कलेक्टर ने बताया कि भूमि मापन मुआवजा प्रक्रिया का आवश्यक चरण है तथा 15 दिवस के भीतर मापन कर आगे की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए।
राताखार दुर्गा चौक में जर्जर विद्युत पोल से दुर्घटना की आशंका पर विद्युत विभाग को तत्काल सुधार कार्य के निर्देश दिए गए।
जनदर्शन में ठेकेदारी कार्यों के भुगतान, मनरेगा कार्य प्रारंभ कराने, फसल क्षति एवं आवास मित्र के मानदेय भुगतान से संबंधित आवेदनों पर भी संबंधित विभागों को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर कटघोरा ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




