रस्सी के पुल से गिरा किसान, मौत: नाला पार करने दो रस्सी के सहारे चल रहा था किसान हाथ छूटा और नीचे जा गिरा

[ad_1]
इंदौर13 मिनट पहले
इंदौर में अपने खेत पर जाने को नाला पार करने के लिए किसान ने रस्सी का पुल बनाया। यही पुल उसकी मौत की वजह बना। नाले पर बना यह पुल पार करते समय उसका हाथ रस्सी से छूट गया जिससे उसकी मौत हो गई। उसे घायल अवस्था में उपचार के लिए एमवाय अस्पताल लाए लेकिन चोट गंभीर होने से डॉक्टर उसकी जान बचा नहीं सके। किसान और उसका परिवार कई सालों से रस्सी के इस पुल का उपयोग कर रहे हैं।
इंदौर के नजदीक शिप्रा पुलिस के मुताबिक घटना सलोटिया ग्राम की है। यहां रहने वाले प्रेमनारायण (45) पुत्र नगजीराम अपने खेत से शाम को नाला पार कर वापस घर लौट रहे थे। तभी उनका हाथ ऊपर की रस्सी से छूटा और वह नीचे पानी में आ गिरे। वहां से गुजर रहे दूसरे किसानों ने हादसा देखा तो उन्हें पानी से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरो ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
संभवत: तबीयत बिगड़ने से हुए हादसे का शिकार
ग्रामीणों के मुताबिक प्रेमनारायण सहित गांव के कई लोग अपने खेत पर जाने के लिए इस पुल का उपयोग करते हैं। जिन्हें यहां से निकलने की प्रैक्टिस है। ग्रामीणों के मुुताबिक प्रेमनारायण की तबीयत खराब थी। हो सकता है इस वजह से उनका संतुलन बिगड गया हो। कमजोरी के कारण जिस हाथ से रस्सी पकडी थी वह छूट गई और प्रेमनारायण नीचे जा गिरे। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा। प्रेमनारायण के परिवार में एक बेटा व बेटी है।
जनप्रतिनिधियों से स्थायी पुल की मांग कर चुके हैं ग्रामीण
ग्रामीणों के मुताबिक वे कई बार इस नाले पर स्थायी पुल की मांग कर चुके हैं। सरकार को पत्र भी लिखा है। लेकिन कोई निष्कर्ष नहीं निकला। ग्रामीणों ने पंचायत की मदद से इस पुल का निर्माण किया था। ग्रामीणों का कहना है कि एक रस्सी पर चलना बहुत मुश्किल है। महिलाओं को भी परेशानी आती है। पहले भी यहां कई लोग गिर चुके हैं।
Source link