ये कैसा पंचायती राज: सामुदायिक नाडेप निर्माण कार्य में सरपंच व सचिव की मनमानी, निजी भूमि में बना डाला नाडेप

[ad_1]
- Hindi News
- Local
- Mp
- Shahdol
- Arbitration Of Sarpanch And Secretary In Community Nadep Construction Work, Nadep Made In Private Land
शहडोल38 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

शहडोल के जनपद पंचायत गोहपारू अंतर्गत ग्राम पंचायत मलमाथर में सामूहिक रूप से उपयोग के लिए बनाए जा रहे सामुदायिक नाडेप निर्माण कार्य में सरपंच व सचिव मनमानी पूर्ण रवैया अपना रहे हैं। निर्माण कार्य में गुणवत्ता का भी ख्याल नहीं रखा गया है। यह आरोप लगाते हुए मामले की शिकायत हेल्पलाइन में भी की गई है।
बताया गया है कि, उक्त ग्राम पंचायत में 10 सामुदायिक नाडेप वर्तमान में स्वीकृत हुए। जिसमें से कुछ नाडेप व्यक्तिगत लाभ को दृष्टिगत रखते हुए लोगों के घरों की बाउंड्री के भीतर निर्मित कर दिए गए हैं। ऐसे में यह स्पष्ट समझा जा सकता है कि, सामुदायिक शब्द और उसके अर्थ को पंचायत के जिम्मेदारों ने सिरे से नकार दिया है।
यदि किसी व्यक्ति के बाउंड्री के अंदर सामुदायिक नाडेप निर्मित करा दिया गया है, तो फिर उसका उपयोग लोग सामुदायिक रूप से कैसे कर सकेंगे? यह एक बड़ा सवाल है, जो शायद पंचायत के जिम्मेदारों को दिखलाई नहीं पड़ा।
ग्रामीणों ने शिकायत कर की जांच की मांग
लेकिन ग्रामीण इस बात को समझते हुए सजगता के साथ, मामले की शिकायत कर जांच की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि, सामुदायिक निर्माण कार्य एक तो व्यक्तिगत किसी के घर पर कराया गया है। वहीं कार्य में गुणवत्ता के मापदंडों का पालन भी नहीं किया गया है।
गांव में रहने वाले राजू यादव के खेत की बाड़ी के अंदर व बालकदास द्विवेदी के निजी स्वामित्व की भूमि (घर) की बाड़ी के भीतर सामुदायिक नाडेप निर्मित कराया गया है। प्रत्येक नाडेप पर 18 हजार की राशि खर्च की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि, सामुदायिक नाडेप निर्माण जैसे कई अन्य निर्माण कार्य भी उक्त पंचायत में कराए गए हैं। जिसकी अगर निष्पक्ष जांच हुई, तो सच्चाई खुद ब खुद दूध और पानी की तरह साफ सामने आ जाएगा।
मामले में ग्राम पंचायत के सचिव ईश्वरदीन पनिका ने बताया कि, पंचायत के पंच लोगों ने उक्त निर्माण कार्य यह कहकर लिया था कि, हम अपने-अपने वार्ड में नाडेप बनवाएंगे। लेकिन एक-दो लोगों ने अपने घर के अंदर बनवाए हैं, दोनों ही पंच हैं। उक्त कार्यों का मूल्यांकन का भुगतान नहीं किया जाएगा।

Source link




