Madhyapradesh

मॉर्निंग वॉक पर निकले टेंट संचालक की करंट लगने से मौत, सड़क पर गिरे हाई-वोल्टेज तार की चपेट में आया युवक


शहडोल। मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में बिजली विभाग की कथित लापरवाही एक युवक की जान पर भारी पड़ गई। सोहागपुर थाना क्षेत्र के ग्राम धुरवार में मॉर्निंग वॉक पर निकले एक टेंट संचालक की सड़क किनारे गिरे हाई-वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है, वहीं ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की है।


मिली जानकारी के अनुसार ग्राम धुरवार निवासी सुनील यादव पेशे से टेंट व्यवसाय का संचालन करते थे। शनिवार सुबह वह रोज की तरह सैर के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान सड़क किनारे पहले से टूटकर गिरे बिजली के तार की चपेट में आ गए। तार में करंट प्रवाहित होने के कारण उन्हें जोरदार करंट लगा और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना इतनी अचानक हुई कि सुनील यादव को संभलने का मौका तक नहीं मिला। करंट लगने के बाद वह सड़क पर गिर पड़े और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।


बताया जा रहा है कि हाल ही में क्षेत्र में आए तेज आंधी-तूफान के कारण बिजली लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसी दौरान हाई-टेंशन विद्युत तार टूटकर सड़क किनारे गिर गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि आंधी-तूफान के बाद बिजली विभाग द्वारा लाइनों का निरीक्षण नहीं किया गया और न ही बिजली आपूर्ति बंद की गई। इसके चलते टूटे हुए तार में लगातार करंट प्रवाहित होता रहा, जिसने एक युवक की जान ले ली।


घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत कर दी जाती या बिजली सप्लाई बंद कर दी जाती तो यह हादसा टाला जा सकता था।


सूचना मिलते ही सोहागपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर बिजली लाइनों के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Back to top button