Chhattisgarh

मेधावी छात्रा एंजेल जॉनसन बनीं डॉक्टर, जगदलपुर मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस पूर्ण

बालको/जगदलपुर,07 मई 2026। स्वर्गीय बलीराम कश्यप मेमोरियल गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, जगदलपुर की छात्रा डॉ. एंजेल जॉनसन ने एमबीबीएस की पढ़ाई सफलतापूर्वक पूर्ण कर डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, शिक्षकों और क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

बचपन से ही मेधावी रही डॉ. एंजेल जॉनसन ने अपनी मेहनत, लगन और समर्पण के बल पर यह मुकाम हासिल किया। उनके पिता जॉनसन पॉल एवं माता स्टेला जॉनसन ने बेटी की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए इसे पूरे परिवार के लिए गौरव का क्षण बताया।

डॉ. एंजेल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा डीपीएस स्कूल, बालको से प्राप्त की। उन्होंने 10वीं कक्षा में 99 प्रतिशत तथा 12वीं कक्षा में 90 प्रतिशत अंक अर्जित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। बचपन से ही उनके मन में चिकित्सक बनकर समाज सेवा करने का सपना था, जिसे उन्होंने अब साकार कर दिखाया है।

कॉलेज में आयोजित उपाधि समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. जे.डी. दुल्हानी (एमडी पीडियाट्रिक्स), डॉ. प्रदीप बेक (डीन एवं एमडी मेडिसिन) तथा डॉ. अनुरूप साहू (अस्पताल अधीक्षक एवं एमडी पीडियाट्रिक्स) उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अस्पताल के विभागाध्यक्ष, कंसल्टेंट्स, सीनियर एवं जूनियर रेजिडेंट डॉक्टरों सहित कॉलेज के प्राध्यापकगण भी मौजूद रहे। सभी ने डॉ. एंजेल जॉनसन को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

डॉ. एंजेल जॉनसन ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और ईश्वर को दिया। उन्होंने कहा कि आगे भी चिकित्सा क्षेत्र में सेवा भाव के साथ कार्य करते हुए जरूरतमंद लोगों की सहायता करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

Related Articles

Back to top button