Chhattisgarh

मेकाहारा अस्पताल से कैदी फरार, पुलिस को दिया चकमा

रायपुर। राजधानी रायपुर के मेकाहारा अस्पताल से हत्या के प्रयास के मामले में सजा काट रहा एक कैदी पुलिस जवानों को चकमा देकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और फरार कैदी की तलाश के लिए व्यापक अभियान शुरू कर दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार फरार कैदी का नाम साहेब कुमार ताती है, जो मूल रूप से बिहार का निवासी बताया जा रहा है। उसे करीब तीन वर्ष पहले गोबरानवापारा थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में गिरफ्तार किया गया था और वह रायपुर सेंट्रल जेल में सजा काट रहा था।

बताया जा रहा है कि साहेब कुमार ताती को इलाज के लिए जेल प्रहरियों द्वारा मेकाहारा अस्पताल लाया गया था। इलाज के दौरान ही उसने मौका देखकर पुलिस जवानों को चकमा दिया और हथकड़ी समेत फरार हो गया। घटना के तुरंत बाद अस्पताल परिसर और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल पाया।

मौदहापारा थाना प्रभारी मुकेश शर्मा ने बताया कि सजायाफ्ता कैदी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई है। आरोपी अस्पताल में इलाज के दौरान सुरक्षा में लगे जवानों को चकमा देकर भाग निकला। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं।

गौरतलब है कि रायपुर केंद्रीय जेल से कैदियों के फरार होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी सुरक्षा में चूक के कारण कई कैदी फरार हो चुके हैं। इस घटना के बाद एक बार फिर जेल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Related Articles

Back to top button