मुलायम सिंह को याद कर रो पड़े BJP विधायक: कहा-नेताजी ने ही मुझसे कहा था आपको शिवराज सिंह के साथ जाना चाहिए

[ad_1]
मयंक दुबे, निवाड़ी2 घंटे पहले
यूपी के पूर्व CM और देश के रक्षा मंत्री रह चुके मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि देते हुए भाजपा विधायक डॉक्टर शिशुपाल सिंह यादव फफक कर रो पड़े। पृथ्वीपुर से विधायक डॉ शिशुपाल सिंह श्रद्धांजलि सभा में सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव को याद कर रहे थे, इस दौरान वो भावुक हो गए। उन्होंने मुलायम सिंह यादव की जमकर तारीफ की।
भास्कर से चर्चा में विधायक ने बताया कि उनका पीएचडी का साढ़े पांच लाख का खर्चा खुद मुलायम सिंह यादव ने उठाया था। नेताजी से अनुमति मिलने के बाद ही मैंने भाजपा में एंट्री ली थी। नेताजी ने मुझसे कहा था कि तुम्हें शिवराज सिंह के साथ जाना चाहिए। भाजपा विधायक डॉ. शिशुपाल सिंह यादव पूर्व में पृथ्वीपुर विधानसभा सभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं।

पृथ्वीपुर में कृषि उपज मंडी प्रांगण में पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की श्रद्धांजलि सभा में मंच पर नेताजी को याद करते हुए रो दिए विधायक डॉ.शिशुपाल सिंह यादव।
पुराने दिनों को याद कर रो दिए
निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर में कृषि उपज मंडी प्रांगण में यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की श्रद्धांजलि सभा रखी गई थी। इसमें पृथ्वीपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक डॉ.शिशुपाल सिंह यादव भी मौजूद रहे थे। जब विधायक को विचार रखने के लिए कहा तो मुलायम सिंह यादव के चरित्र की व्याख्या करते हुए मंच से उन्होंने कहा कि देश में आजादी के बाद से मुलायम सिंह यादव ने गरीबों और किसानों के लिए बहुत काम अंत समय तक किया। नेताजी का यही कहना था कि सदन तक पहुंचने के पहले हमें उन लोगों के लिए लड़ाई लड़नी होगी जो सदन तक का रास्ता दिखाते हैं। मुलायम सिंह यादव ने अपनी राजनीति में नौजवानों, गरीबों, बेसहारा, वकीलों और मजदूरों को प्राथमिकता पर रखा है।
उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को ध्यान में रखने वाले सिर्फ एक ही नेता है, उनका नाम मुलायम सिंह यादव है। अंत में शिशुपाल सिंह यादव ने कहा कि मैं आज जहां भी हूं, उसमें नेताजी का आशीर्वाद है, जिसे मैं व्यक्त नहीं कर सकता। इतना बोलने के बाद वो भावुक होकर फफक कर रो पड़े। उनके उद्बोधन के बाद सभा में आए सभी लोगों ने मुलायम सिंह यादव अमर रहे के नारे लगाए।

श्रद्धांजिल सभा के दौरान डॉ.शिशुपाल सिंह यादव खुद को संभालने का प्रयास करते दिखे।
शिशुपाल सिंह के सहपाठी हैं नेताजी के भतीजे धर्मेंद्र यादव
भास्कर से चर्चा में विधायक डॉक्टर शिशुपाल सिंह यादव ने उस समय का जिक्र किया जब वो पढ़ाई कर रहे थे। डॉक्टर शिशुपाल सिंह ने बताया कि उनकी पीएचडी की पढ़ाई का सारा खर्चा मुलायम सिंह यादव ने उठाया था। उस समय पीएचडी में करीब साढ़े पांच लाख रुपए का खर्चा आया था, जो स्वयं मुलायम सिंह ने उठाया था। मुलायम सिंह यादव के भतीजे धर्मेंद्र सिंह यादव शिशुपाल सिंह के सहपाठी थे। इस कारण उनके मुलायम सिंह यादव के पारिवारिक संबंध है।
नेताजी कहने पर शिवराज सिंह से मिले
विधायक शिशुपाल सिंह ने कहा कि 2018 में मैंने पृथ्वीपुर से चुनाव लड़ा। चुनाव के बाद प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी। सरकार में बाहुबली मंत्री थे। वे उनके समर्थकों को आए दिन बेवजह परेशान करने लगे। कुछ समय बाद मैं नेताजी से मिलने गया। मैंने भाजपा में शामिल होने की मंशा जाहिर की। नेताजी ने मुझे शिवराज सिंह चौहान से मिलने के लिए कहा। नेताजी ने कहा था कि शिवराज भी किसानों की लड़ाई लड़ते हैं। हम भी किसानों की लड़ाई लड़ते हैं। आपको उनके साथ जाना चाहिए। इसके बाद मैंने भाजपा ज्वाइन कर ली।

CM शिवराज सिंह चौहान के साथ पृथ्वीपुर विधायक डॉ.शिशुपाल सिंह यादव।
कौन है डॉक्टर शिशुपाल सिंह यादव
कृषि में पीएचडी डॉक्टर शिशुपाल यादव का मुख्य व्यवसाय ठेकेदारी है। शिशुपाल यादव मूलतः उप्र के ललितपुर जिले के रहने वाले हैं। लंबे समय से वे निवाड़ी में रह रहे हैं। शिशुपाल ने 2018 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ते हुए बृजेन्द्र सिंह राठौर को कड़ी टक्कर दी थी, हालांकि इन्हें 7620 वोट से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया। विधायक बृजेन्द्र सिंह राठौर के निधन के बाद पृथ्वीपुर विधानसभा के लिए उपचुनाव में बीजेपी ने उन्हें अपना उम्मीदवार बनाया था। उन्होंने करीब 15 हजार मतों से बृजेन्द्र सिंह राठौर के बेटे व कांग्रेस के नितेंद्र सिंह को हराया था।
Source link