नैला गौठान में ढेरों खामियां, भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने किया निरीक्षण

चलबो गौठान-खोलबो पोल अंतर्गत किया जा रहा प्रदेश भर के गौठानों का निरीक्षण
जांजगीर, 20 मई । राज्य सरकार द्वारा बहुप्रचारित गौठान योजना की जमीनी सच्चाई जानने और भ्रष्टाचार को ऊजगार करने भाजपा द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। ‘चलबो गौठान खोलबो पोल’ नाम से चलाये जा रहे इस निरीक्षण कार्यक्रम अंतर्गत प्रदेश भर के गौठानो में भाजपा कार्यकर्ता पहुंचकर निर्धारित बिंदुओं पर जनसमूह से चर्चा कर पंचनामा तैयार कर रहे हैं।
इसी क्रम में आज जिला मुख्यालय जांजगीर-नैला के एकमात्र वार्ड क्रमांक 01 स्थित गौठान में भाजपा प्रतिनिधिमण्डल ने पहुंचकर जानकारी इकट्ठा किया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष नारायण चन्देल मार्गदर्शन हेतु स्वयम उपस्थित थे। उन्होंने निरीक्षण पश्चात कहा कि 1300 करोड़ की यह योजना आकंठ भ्र्ष्टाचार में डूबी सरकार का बहुत बड़ा उदाहरण है। नरवा-गरुआ-घुरवा-बारी के नाम पर भूपेश सरकार ने केवल कांग्रेसियों को उपकृत और अपनी जेब भरने का काम किया है।
कार्यक्रम प्रभारी एवम प्रदेश भाजपा सोशल मीडिया प्रभारी प्रशांत सिंह ठाकुर ने निरीक्षण पश्चात पंचनामा तैयार किया। उन्होंने उपस्थित नागरिकगणों से मिली जानकारी के आधार पर बताया कि जिला मुख्यालय में 2 गौठान प्रस्तावित थे। एक गौठान केवल कागजो में है, जिसे बीटीआई चौक के पास जिओ टैग में बताया जा रहा था एवम जिसके सम्बंध में 2 साल पहले उनके द्वारा खुलासा भी किया गया था।
दूसरा गौठान वार्ड क्रमांक 01 में स्थित है, जहां सुविधाओं के नाम पर कुछ भी नहीं है। गौरतलब है कि इस गौठान में न तो शेड लगा है, न मवेशियों के पानी की व्यवस्था है। निरीक्षण के दौरान यहां एक भी गौ माता नहीं मिली। शासन द्वारा बहुप्रचारित बहुद्देशीय स्वरोजगार इकाई जैसे पोल्ट्री, मछलीपालन इत्यादि भी नहीं मिले। गौठान के नाम पर उबड़-खाबड़ मैदान में तार की फेंसिंग बस कर दी गई है, जहां मूलभूत सुविधाओं का सर्वथा अभाव बना हुआ है।
उन्होंने आगे कहा कि जब शासन की फ्लैगशिप योजना जिला मुख्यालय में दम तोड़ रही है, तो बाकी योजनाओं और दूरस्थ क्षेत्रों की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।
निरीक्षण के दौरान नेता प्रतिपक्ष नारायण चन्देल, भाजपा सोशल मीडिया प्रदेश प्रभारी एवम कार्यक्रम प्रभारी प्रशांत सिंह ठाकुर, नपा उपाध्यक्ष, आशुतोष गोस्वामी, भाजपा उपाध्यक्ष विवेका गोपाल, अभिमन्यु राठौर,अनुराग तिवारी, पंकज अग्रवाल, राहुल सेन, सुरेंद्र यादव, भोलू सिंह, मोहन यादव,चंद्रकांत रात्रे, छोटू रात्रे, अजित गढेवाल, अमित यादव, पुष्पेंद्र निर्मलकर, प्रदीप राठौर,एवम अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।