मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज ‘बस्तर पण्डुम 2026’ का करेंगे शुभारंभ, शाम को नई दिल्ली के लिए होंगे रवाना
रायपुर, 2 जनवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बस्तर की पावन धरती पर पहुँचकर “बस्तर पण्डुम 2026” का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान वे माँ दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री निवास, सिविल लाइन रायपुर से कार द्वारा प्रस्थान कर पुलिस ग्राउंड हेलीपैड पहुँचेंगे। वहाँ से वे हेलीकॉप्टर द्वारा दंतेवाड़ा के लिए रवाना होंगे और दोपहर 12:20 बजे कारली पुलिस लाइन हेलीपैड पहुँचेंगे। इसके बाद वे सीधे माँ दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण जाएंगे।
मुख्यमंत्री 12:30 बजे से 12:45 बजे तक माँ दंतेश्वरी के दर्शन एवं पूजा-अर्चना करेंगे। तत्पश्चात 12:45 बजे से 2 बजे तक मंदिर प्रांगण में आयोजित “बस्तर पण्डुम 2026” कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस आयोजन के माध्यम से बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोककला और परंपराओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री नवीन सर्किट हाउस दंतेवाड़ा पहुँचेंगे, जहाँ वे कुछ समय के लिए रुकेंगे। इसके पश्चात 2:35 बजे हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा रायपुर के लिए रवाना होंगे और 3:55 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुँचेंगे।

शाम को नई दिल्ली के लिए प्रस्थान
शाम 5:10 बजे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्यमंत्री निवास से कार द्वारा स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर के लिए रवाना होंगे। 5:55 बजे वे इंडिगो की उड़ान 6E-5349 से नई दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे और 7:55 बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुँचेंगे। इसके बाद वे कार द्वारा छत्तीसगढ़ सदन पहुँचेंगे, जहाँ रात्रि विश्राम करेंगे।





