Uttar Pradesh

मिर्ज़ापुर में पिता की डांट से नाराज़ किशोर की 11 दिन बाद जंगल में मिली लाश

मीरजापुर। पिता की डांट से नाराज होकर घर से निकले 17 वर्षीय किशोर का 11 दिन बाद सोमवार को जंगल में आंवले के पेड़ से लटकता शव मिला। लालगंज थाना क्षेत्र के जयकर खुर्द स्थित डांगरकेरी जंगल में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव की स्थिति काफी खराब हो चुकी थी। जयकर खुर्द निवासी लखन यादव (17) पुत्र रामनाथ यादव उर्फ नत्थू यादव 11 नवंबर को घर से लापता हो गया था। पिता रामनाथ यादव की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, किशोर शाम करीब तीन बजे पिता की डांट से नाराज होकर घर से चला गया था। परिजनों और रिश्तेदारों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसके बाद 13 नवंबर को लालगंज थाने में गुमशुदगी की सूचना दी गई थी।सोमवार को जंगल में भेड़ चराने गए एक चरवाहे की नजर पेड़ से लटकते शव पर पड़ी। उसने ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। इसके बाद थानाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।मृतक पांच भाई-बहनों में शामिल था। परिवार में बड़ा भाई लवकुश (24), भाई रवि किशन (15) और बहनें सुमन (22), बबल (16) व आंचल (14) हैं। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button