मानिकपुर लूटकांड में फरार दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

कोरबा। मानिकपुर सहायता केंद्र क्षेत्र में हुए चर्चित लूटकांड में फरार चल रहे दो आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी लगातार तलाश, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार, 21 दिसंबर 2025 को प्रार्थी दीपक ठाकुर ने मानिकपुर सहायता केंद्र में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ददरखुर्द क्षेत्र में देर रात करीब 2.30 बजे कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट कर लगभग 20 से 22 ग्राम वजनी सोने की चेन, 70 हजार रुपये नकद तथा अन्य सामान सहित करीब दो लाख रुपये की संपत्ति लूट ली थी। मामले में थाना कोतवाली में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, साक्ष्य जुटाए और तकनीकी विश्लेषण के साथ आरोपियों की तलाश शुरू की। प्रकरण में पहले ही एक आरोपी के खिलाफ चालान न्यायालय में प्रस्तुत किया जा चुका था, जबकि दो आरोपी घटना के बाद से फरार थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी और मुखबिर तंत्र के माध्यम से निगरानी रखी जा रही थी।
इसी क्रम में पुलिस ने फरार आरोपी सोमनाथ सेनगुप्ता उर्फ सोमू और सोमनाथ अग्रवाल उर्फ सोमू अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कोरबा पुलिस ने बताया कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत फरार, आदतन और गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




