मानसून से पहले हरकत में आए पार्षद अरुणीश तिवारी, प्रगति नगर की समस्याओं को लेकर SECL प्रबंधन को सौंपा ज्ञापन

दीपका, कोरबा। नगर पालिका परिषद दीपका के पार्षद एवं पीआईसी सदस्य अरुणीश तिवारी ‘दादा भाई’ ने मानसून पूर्व प्रगति नगर आवासीय परिसर की बदहाल स्थिति को लेकर एसईसीएल दीपका क्षेत्र प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने एसईसीएल दीपका क्षेत्र के महाप्रबंधक अशोक कुमार को ज्ञापन सौंपकर कॉलोनी में व्याप्त मूलभूत समस्याओं के निराकरण हेतु तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
पार्षद अरुणीश तिवारी ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि प्रगति नगर के आवासीय क्वार्टर कई वर्षों से मरम्मत के अभाव में जर्जर स्थिति में पहुंच चुके हैं। बारिश के दौरान कई मकानों की छतों से पानी टपकता है तथा दीवारों में सीलन और दरारें आने लगी हैं। उन्होंने आशंका जताई कि समय रहते मरम्मत कार्य नहीं कराया गया तो आगामी मानसून में किसी बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।
ज्ञापन में अष्टभुजी दुर्गा मंदिर के समीप स्थित तालाब और आसपास की नालियों की स्थिति पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई है। तालाब में फैली जलकुंभी एवं नालियों में जमा गंदगी के कारण जल निकासी बाधित हो रही है। पार्षद ने कहा कि मानसून पूर्व सफाई कार्य नहीं होने पर पूरी कॉलोनी में जलभराव की स्थिति निर्मित हो सकती है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ जाएगा।
उन्होंने कॉलोनी में बढ़ती झाड़ियों और गंदगी के कारण सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीवों के निकलने की शिकायतों का भी जिक्र किया। पार्षद ने क्षेत्र में नियमित फॉगिंग, कीटनाशक दवाओं के छिड़काव तथा साफ-सफाई अभियान चलाने की मांग की है।
अरुणीश तिवारी ने प्रबंधन से मानसून की पहली बारिश से पहले आवश्यक कार्य पूर्ण कराने की मांग करते हुए कहा कि कॉलोनीवासियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्राथमिकता के आधार पर आवासों की मरम्मत, तालाब एवं नालियों की सफाई, फॉगिंग और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
इधर, प्रगति नगर के रहवासियों ने पार्षद की पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि एसईसीएल प्रबंधन शीघ्र ही समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाएगा।



