माँ बम्लेश्वरी मंदिर की रोपवे ट्राली टूटने से भाजपा नेता घायल, मुख्यमंत्री ने जताई चिंता

डोंगरगढ़। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने डोंगरगढ़ रोपवे हादसे पर चिंता जताई है, उन्होंने कहा, डोंगरगढ़ में रोपवे हादसे का समाचार मिला है। रोपवे में वरिष्ठ भाजपा नेता रामसेवक पैकरा, भाजपा के प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा, भाजपा नेता मनोज अग्रवाल और दया सिंह सवार थे। हादसे में सभी नेताओं को चोटें आई हैं। इस हादसे में भरत वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए राजनांदगांव जिला अस्पताल रेफर किया गया है। फिलहाल रोपवे संचालन को तत्काल रोक दिया गया है।
डोंगरगढ़ के मां बम्लेश्वरी पहाड़ पर स्थित रोपवे में एक बड़ा हादसा हुआ जब एक ट्राली रोप से टूटकर नीचे गिर गई। इस हादसे में बीजेपी नेता रामसेवक पैकरा बाल-बाल बच गए जबकि बीजेपी प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा को गंभीर चोटें आई हैं। घटना उस समय हुई जब रोपवे की ट्राली अचानक टूट गई और नीचे गिरने लगी। इस हादसे के दौरान ट्राली में बीजेपी नेता रामसेवक पैकरा और भरत वर्मा सवार थे। जहां रामसेवक पैकरा इस दुर्घटना से बच गए वहीं भरत वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।
साथ ही स्थानीय लोगों और सुरक्षाकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल भरत वर्मा को राजनांदगांव अस्पताल रेफर किया जहां उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल में उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।