Chhattisgarh

महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा में सक्रिय पिंक पेट्रोल, संदिग्ध गतिविधियों पर रखी जा रही कड़ी नजर

रायपुर। महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की पिंक पेट्रोल यूनिट लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षित एवं अपराधमुक्त माहौल बनाए रखने के लिए यूनिट की टीमें प्रतिदिन स्कूल, कॉलेज, पीजी, छात्रावास, उद्यान, बाजार, कॉलोनियों और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित गश्त कर रही हैं।

गश्त के दौरान छात्राओं को परेशान करने वाले युवकों, स्कूल-कॉलेजों के आसपास अनावश्यक रूप से घूमने वाले असामाजिक तत्वों तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। ऐसे लोगों को मौके पर ही हटाकर भविष्य में इस प्रकार की हरकतों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी जा रही है।

पिंक पेट्रोल की टीम मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने, सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, बेवजह भीड़ लगाने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली अन्य गतिविधियों पर भी तत्काल कार्रवाई कर रही है। कई मामलों में संबंधित लोगों को समझाइश देने के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का एहसास कराने के लिए मौके पर ही उठक-बैठक भी कराई जा रही है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार पिंक पेट्रोल यूनिट का उद्देश्य छोटी-छोटी अव्यवस्थित और आपत्तिजनक गतिविधियों को शुरुआती स्तर पर ही रोकना है, ताकि वे आगे चलकर गंभीर अपराध का रूप न लें। इससे कॉलोनियों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों पर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लग रहा है और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हो रहा है।

गश्त के दौरान यदि कोई व्यक्ति किसी गंभीर या संज्ञेय अपराध में संलिप्त पाया जाता है, तो उसे तत्काल संबंधित थाना भेजकर वैधानिक कार्रवाई की जाती है। आवश्यकता पड़ने पर अपराध दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाती है।

रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी महिलाओं, बच्चों या वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ी कोई समस्या अथवा संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पिंक पेट्रोल यूनिट (मो. 9479210932) या नजदीकी पुलिस थाने को दें। पुलिस ने कहा है कि नागरिकों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Related Articles

Back to top button