Chhattisgarh

महासमुंद में बारिश बनी आफत उफनते पानी से 14 मजदूरों को सुरक्षित निकाला गया कई गांवों का संपर्क कटा…

महासमुंद, 06 जुलाई 2026/ जिले में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। जिले के कई छोटे-बड़े नदी-नाले उफान पर हैं और कई पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बह रहा है। हालात ऐसे हैं कि कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। इस बीच खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम जोगीडीपा में बाढ़ में फंसे 14 मजदूरों का नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित बचाव कर बड़ी राहत दी है। सोमवार को जिले में औसतन 85.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

सबसे अधिक वर्षा पिथौरा में 128.5 मिमी, जबकि सरायपाली में 97.7 मिमी रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं और कई मार्ग जलमग्न हो गए हैं। कई गांवों का संपर्क टूटने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। इसी दौरान बाढ़ नियंत्रण कक्ष को सूचना मिली कि ग्राम जोगीडीपा में पुलिया निर्माण कार्य में लगे मजदूर बाढ़ के पानी से घिर गए हैं। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने नगर सेना की रेस्क्यू टीम को मौके पर रवाना किया।

टीम ने तेज बहाव के बीच साहसिक अभियान चलाकर 10 पुरुष और 4 महिला मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते हुए इस कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें जिलेभर में लगातार निगरानी कर रही हैं। संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है और लोगों से अपील की गई है कि वे नदी-नालों और पुल-पुलियों को पार करने की कोशिश न करें। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल बारिश थमने के आसार नहीं हैं, जिससे प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

Related Articles

Back to top button