महासमुंद में तेंदुए का आतंक- घर में घुसकर एक ही परिवार के 8 लोगों पर किया हमला, इलाके में खौफ; वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

महासमुंद 4 अक्टूबर 2026। महासमुंद जिले में तेंदुए के हमले की हैरान करने वाली घटना सामने आई है। कोमाखान तहसील के ग्राम झिटकी में रविवार देर रात एक तेंदुआ घर के अंदर घुस गया और सो रहे एक ही परिवार के आठ सदस्यों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घर में चीख-पुकार मच गई। घटना में परिवार के सभी आठ सदस्य घायल हुए हैं, जिन्हे उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तेंदुए के हमले की जानकारी के बाद क्षेत्र में अब जहां दहशत व्याप्त है, वहीं वन विभाग की टीम ने तेंदुए की निगरानी बढ़ा दी है।
जानकारी के मुताबिक ये घटना महासमुंद जिले के कोमाखान तहसील के ग्राम झिटकी की बतायी जा रही है। यहां रविवार की रात झिटकी गांव में सूरज यादव का परिवार घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान तेंदुआ घर में दाखिल हो गया और अचानक लोगों पर हमला शुरू कर दिया। हमले में सरजू यादव (60), उनकी पत्नी उत्तरीबाई यादव (55), जनकराम (40), जनकराम के बेटे मनीष (18), सुनीता यादव (34) और तुषार (15) समेत आठ लोग घायल हुए हैं। तेंदुए के अचानक हमले से परिवार के बीच अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा ले जाया गया।
यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल महासमुंद रेफर कर दिया गया। बताया गया कि बागबाहरा अस्पताल में आवश्यक वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने के कारण घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। झिटकी में हुई घटना के बाद आसपास के ग्रामीण इलाकों में दहशत बढ़ गई है। खास बात यह है कि इससे एक दिन पहले पंडरीपानी गांव में भी तेंदुए के हमले में एक व्यक्ति के घायल होने की जानकारी सामने आई थी।लगातार दो दिनों में तेंदुए के हमले की घटनाओं से ग्रामीणों में वन्यजीवों की आवाजाही को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की मौजूदगी से गांवों में लोगों की सुरक्षा को लेकर खतरा बना हुआ है।
वन विभाग ने शुरू की निगरानी
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों पर निगरानी शुरू कर दी है।ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए की लगातार निगरानी करने के साथ ही लोगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।महासमुंद के झिटकी गांव में घर के अंदर घुसकर तेंदुए का एक साथ आठ लोगों पर हमला ग्रामीणों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है। लगातार दूसरे दिन तेंदुए के हमले की घटना सामने आने से आसपास के गांवों में भी डर का माहौल है। अब ग्रामीणों की नजर वन विभाग की कार्रवाई पर है, तेंदुए की मौजूदगी का पता लगाकर उसे सुरक्षित तरीके से नियंत्रित करना और इंसानी बस्तियों में दोबारा ऐसी घटना न हो, यह सबसे बड़ी चुनौती है।




