मड़वा में स्काउट्स-गाइड्स को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण, ग्रामीणों ने सीखे जीवन रक्षा के गुर

जांजगीर-चांपा। ग्राम पंचायत मड़वा के गुड़ी चौक में स्काउट्स-गाइड्स, रोवर्स एवं ग्रामीणों के लिए एक दिवसीय विशेष आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को स्वयं सक्षम बनाना और जीवन रक्षा के आवश्यक कौशल सिखाना था।
मसीह अस्पताल चांपा (BPCCRRS) की आपदा प्रबंधन टीम द्वारा आयोजित इस शिविर में प्रतिभागियों को प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड), कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (CPR) तथा रेस्क्यू तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रोजेक्ट मैनेजर जोनेविल्स और ट्रेनिंग ऑफिसर जोनिफर मणि के नेतृत्व में टीम के सदस्य छोटेलाल बरेठ, रंजीत सूर्य और राजेश ने डेमो के माध्यम से बताया कि दुर्घटना या हार्ट अटैक जैसी आपात स्थितियों में किस प्रकार त्वरित सहायता देकर किसी की जान बचाई जा सकती है।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत मड़वा के सरपंच अजय सोनवानी ने प्रशिक्षण की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम से विद्यार्थी और ग्रामीण दोनों लाभान्वित होंगे। वहीं पूर्व सरपंच ईश्वर सिंह कंवर और एसएमडीसी अध्यक्ष अशोक साहू ने भी टीम के प्रयासों की प्रशंसा की।
प्राचार्य एवं ग्रुप लीडर जगमोहन पैंकरा के निर्देशन तथा जिला सचिव दीपक कुमार यादव एवं डीओसी गाइड श्वेता जायसवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में कुल 25 स्काउट्स और गाइड्स ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य समुदाय को आपदा के प्रति जागरूक बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर करना है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय स्तर पर तुरंत राहत पहुंचाई जा सके।




