भिलाई-3 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में विधायक निधि से 15 लाख रुपये की लागत से लगेगी रक्त जांच मशीन : सतीश साहू

मिनटों में अब लोगों की रक्त संबंधित जांचों का रिपोर्ट मिल जाएगा
भिलाई। विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा ने दो साल के कार्यकाल में क्षेत्र के ढांचागत विकास के साथ ही नहीं परियोजनाओं पर भी काम किया है। बुनियादी सुविधाओं के काम अलग हैं। अकेले भिलाई चरोदा निगम क्षेत्र में ही उनकी पहल पर अधो संरचना मद के तहत 2024-25 एवं 2025-26 में 16 करोड़ 14 लाख 68 हजार रुपये की राशि में 122 परियोजनाएं पूरी की गईं। विधायक निधि के अंतर्गत भी 29 लाख 68 हजार रुपये की दो परियोजनाएं भी इस दौरान संपन्न हुई हैं। इसी कड़ी में विधायक निधि से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 में रक्त जांच के लिए 15 लाख की नई मशीन लगाने की तैयारी है। संभवतः अप्रैल के महीने से इसका लाभ क्षेत्र को लोगों को मिलने लगेगा। मिनटों में अब लोगों की रक्त संबंधित जांचों का रिपोर्ट मिल जाएगा।

अहिवारा विधानसभा से विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू ने बताया कि भिलाई-चरोदा नगर निगम क्षेत्र में एक जनवरी 2024 से दिसंबर 2025 तक विभिन्न विकास कार्यों के लिए कुल 61 करोड़ 28 लाख 88 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इन कार्यों में सौर ऊर्जा योजना, मंडी बोर्ड परियोजनाएं, विधायक निधि, वित्त आयोग की राज्य प्रवृत्ति योजनाएं, आपात निधि, नगर उत्थान मद समेत कई अन्य आधुनिर्माण परियोजनाएं शामिल हैं। कुल मिलाकर लगभग 23 परियोजनाओं के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है।
विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू ने बताया कि केंद्र एवं राज्य स्तर पर स्वीकृत परियोजनाओं में 14वें वित्त आयोग के तहत 2024 में 10 कार्यों के लिए 1 करोड़ 76 लाख 79 हजार रुपये स्वीकृत किए गए थे। वहीं, 15वें वित्त आयोग के तहत 2024 से अक्टूबर 2025 तक 111 कार्यों के लिए 24 करोड़ 68 लाख 39 हजार रुपए के विकास कार्य कराए गए।
सतीश साहू ने बताया कि विधायक डोमन लाल कोर्सेवाडा ने निगम प्रशासन के साथ मिलकर इन परियोजनाओं में गहनता से काम किया है। उन्होंने यह भी कहा कि वृहद जल योजना में आ रही समस्याओं के निदान के लिए आवश्यक राशि स्वीकृत की गई है, जिससे क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति नियमित होगी।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि भिलाई- चरोदा नगर निगम दिलीप पटेल, वरिष्ठ पार्षद फिरोज फारूकी, निगम में नेता प्रतिपक्ष राम खिलावन वर्मा, भाजपा चरोदा मंडल अध्यक्ष ए. गौरी शंकर, मुकेश अग्रवाल, परमजीत सिंह और नारायण राव उपस्थित थे।




