Chhattisgarh

भाजपा स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया, कार्यकर्ताओं ने किया ध्वजारोहण और पूजन

जांजगीर चांपा। भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस 6 अप्रैल को जिला भाजपा कार्यालय में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत एक दिन पहले ही हो गई थी, जब कार्यकर्ताओं ने कार्यालय को झालरों और दीपकों से सजाया। महिला कार्यकर्ताओं ने भारत माता और कमल फूल की आकर्षक रंगोली बनाकर माहौल को उत्सवमय बना दिया।

सोमवार सुबह कार्यकर्ताओं द्वारा कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्रों पर पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना की गई और उनके योगदान को याद किया गया।

कार्यक्रम का संचालन जिला भाजपा महामंत्री नंद चौधरी ने किया, जबकि अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अम्बेश जांगड़े ने की। इस दौरान वरिष्ठ पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। अपने उद्बोधन में पूर्व जिलाध्यक्ष गुलाब सिंह चंदेल ने भाजपा के इतिहास और संघर्षों का उल्लेख करते हुए बताया कि किस प्रकार पार्टी ने 1980 में बॉम्बे में हुए पहले अधिवेशन से लेकर दो लोकसभा सीटों से 300 के पार पहुंचने तक लंबा सफर तय किया।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के उस प्रसिद्ध कथन को भी याद किया—“अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा।” जिला भाजपा मीडिया प्रभारी राकेश रूपवानी ने बताया कि वर्ष 1980 में फिरोजशाह कोटला मैदान में भाजपा की नींव रखी गई थी, और अटल बिहारी वाजपेयी इसके पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे।

कार्यक्रम के समापन पर सभी कार्यकर्ताओं को लड्डू प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें गुलाब सिंह चंदेल, चुन्नीलाल साहू, अमर सुलतानिया, सत्यलता मिरी, रजनी साहू, कार्तिकेश्वर स्वर्णकार, गुरुदयाल पाटले, रवि पाण्डेय, रेखा गढ़वाल, जितेंद्र देवांगन, अमन प्रताप सिंह, नंदनी राजवाड़े सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button