Chhattisgarh

ब्रेकिंग न्यूज़: रानी लक्ष्मीबाई कॉम्प्लेक्स हमले के विरोध में सारंगढ़ बंद, व्यापारियों में भारी आक्रोश

0.दिनदहाड़े हुई मारपीट की घटना पर उठे कानून व्यवस्था के सवाल, व्यापारियों ने प्रशासन से की कड़ी कार्रवाई की मांग

सारंगढ़,26 मई (वेदांत समाचार)। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला मुख्यालय में विगत दिनों शहर के हृदयस्थल रानी लक्ष्मीबाई कॉम्प्लेक्स स्थित “ब्योज कलेक्शन” के संचालक सम्मी केसरवानी पर दुकान में घुसकर किए गए प्राणघातक हमले को लेकर व्यापारियों और आम नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। घटना के विरोध में सोमवार को सारंगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के आह्वान पर जिला मुख्यालय सारंगढ़ पूरी तरह स्वस्फूर्त बंद रहा। नगर के अधिकांश व्यापारिक प्रतिष्ठान सुबह से ही बंद रहे और व्यापारियों ने एकजुट होकर कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।

घटना को लेकर व्यापारियों का कहना है कि जिला बनने के बाद से शहर में हत्या, चोरी, मारपीट और अन्य आपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे आम लोगों और व्यापारिक वर्ग में भय का माहौल बनता जा रहा है। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि शहर में सक्रिय असामाजिक तत्वों के खिलाफ अपेक्षित कठोर कार्रवाई नहीं होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

इधर, पीड़ित परिवार ने भी अब तक की पुलिस कार्रवाई पर असंतोष जताया है। परिवार का कहना है कि पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई केवल औपचारिकता प्रतीत हो रही है। हालांकि पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है, लेकिन पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मामले में अब भी कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं हुई है।

घटना के बाद व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक से भी मिला और दोषियों के खिलाफ कड़ी एवं निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। व्यापारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो भविष्य में आंदोलन और उग्र हो सकता है।

सारंगढ़ बंद के दौरान पूरे नगर में सन्नाटा पसरा रहा। व्यापारियों ने बंद के माध्यम से जिला प्रशासन और पुलिस विभाग को यह संदेश देने का प्रयास किया कि शहर में बढ़ते अपराधों को लेकर अब आम जनता और व्यापारी वर्ग चुप बैठने वाला नहीं है। नागरिकों ने प्रशासन से शीघ्र ठोस एवं बड़ी कार्रवाई की अपेक्षा जताई है, ताकि शहर में कानून व्यवस्था पर लोगों का विश्वास कायम रह सके।

Related Articles

Back to top button