‘बूंग’ की ऐतिहासिक BAFTA जीत पर पीएम नरेंद्र मोदी ने जताई खुशी, मेकर्स को दी बधाई

दिल्ली। एक्सेल एंटरटेनमेंट, चॉकबोर्ड एंटरटेनमेंट और सूटेबल पिक्चर्स की फिल्म ‘बूंग’ ने भारत को ग्लोबल स्टेज पर पहुँचा दिया है, क्योंकि यह प्रतिष्ठित बाफ्टा (BAFTA) अवॉर्ड जीतने वाली पहली भारतीय फिल्म बन गई है। इस बड़ी जीत के लिए मिल रही ढेरों बधाइयों और तारीफों के बीच, अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी फिल्म को इस कामयाबी पर बधाई दी है।
अपनी प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री ने फिल्म से जुड़े फिल्ममेकर्स और कलाकारों की सराहना की। पीएम मोदी ने कहा, “इस फिल्म से जुड़े सभी लोगों को बधाई। यह वाकई में बहुत गर्व और खुशी का पल है, खास तौर पर मणिपुर के लिए। यह हमारे देश की जबरदस्त क्रिएटिव प्रतिभा को भी दर्शाता है।”
मणिपुर की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म परिवार और उम्मीद की एक बेहद भावुक कहानी है। यह कहानी ‘बूंग’ नाम के एक छोटे लड़के के इर्द-गिर्द घूमती है (जिसे गूगुन किपगेन ने निभाया है), जो अपने परिवार को फिर से एक करने का सपना देखता है। अपनी सिंगल मदर मंदाकिनी (बाला हिजाम निंगथौजम) के साये में पला-बढ़ा बूंग, अपने सबसे अच्छे दोस्त के साथ अपने लापता पिता को खोजने के सफर पर निकल पड़ता है। फिल्म में मासूमियत, जज्बात और मां-बच्चे के गहरे रिश्ते को बहुत ही खूबसूरती से दिखाया गया है।
’बूंग’ की इस जीत ने पूरे देश में जश्न का माहौल बना दिया है, खासकर मणिपुर में लोग गर्व महसूस कर रहे हैं, जहाँ इस फिल्म की जड़ें और सांस्कृतिक झलक गहराई से बसी हुई है। बाफ्टा (BAFTA) में मिला यह सम्मान न केवल फिल्म की कला का लोहा मनवाता है, बल्कि भारत के पूर्वोत्तर क्षेत्र की उन कहानियों की तरफ भी दुनिया का ध्यान खींचता है जो अपनी संस्कृति, इतिहास और कहानी कहने की परंपराओं में बेहद समृद्ध हैं।




