Chhattisgarh

बिलासपुर में पुलिस की शर्मनाक हरकत: रिपोर्ट के नाम पर पैसे लेने के बाद फरियादी को 15–20 थप्पड़, एएसआई निलंबित

बिलासपुर, 19 अप्रैल। जिले के रतनपुर थाना में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक फरियादी के साथ कथित मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। आरोप है कि रिपोर्ट तैयार करने के नाम पर पैसे लेने के बाद एएसआई ने फरियादी को 15 से 20 थप्पड़ जड़ दिए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित विनोद जायसवाल अपने परिवाद की जांच रिपोर्ट के सिलसिले में कई दिनों से थाने के चक्कर लगा रहे थे। इस दौरान एएसआई दिनेश तिवारी पर रिपोर्ट तैयार करने के नाम पर पैसे लेने का आरोप है। जब पीड़ित ने पैसे लेने के बावजूद काम में देरी को लेकर सवाल उठाया, तो एएसआई कथित रूप से भड़क गए और थाने के भीतर ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फरियादी को लगातार 15 से 20 थप्पड़ मारे गए, जिसकी आवाजें पूरे थाना परिसर में गूंजती रहीं। इस दौरान वहां मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से फैल गया और सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों में आक्रोश बढ़ गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी एवं प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन ने तत्काल हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया और संबंधित एएसआई को फटकार लगाई। इसके बाद पीड़ित की शिकायत पर आरोपी एएसआई के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एएसआई दिनेश तिवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, पूरे मामले की जांच जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने संकेत दिए हैं कि यदि जांच में आरोप सिद्ध होते हैं, तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कड़ी विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना पुलिस की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। अब देखने वाली बात होगी कि प्रशासन इस मामले में कितनी सख्ती दिखाता है और क्या पीड़ित को न्याय मिल पाता है।

Related Articles

Back to top button