बिलासपुर में ज्वेलर्स पर जानलेवा हमला कर करोड़ों की लूट, अंतरराज्यीय गिरोह के 7 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर, 23 फरवरी 2026। सरकण्डा थाना क्षेत्र में संचालित महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक पर जानलेवा हमला कर करोड़ों रुपये के सोने के आभूषण और कार लूटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का बिलासपुर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने लूट का शत-प्रतिशत मशरूका, हथियार और वारदात में प्रयुक्त वाहन भी बरामद कर लिए हैं।

जानकारी के अनुसार 17 फरवरी 2026 की रात करीब 9.15 बजे ज्वेलर्स संचालक संतोष तिवारी अपनी दुकान बंद कर सोने के जेवरात से भरे चार बैग रेनॉल्ट क्विड कार में रखकर राजकिशोर नगर स्थित घर जा रहे थे। रास्ते में अंधा मोड़ के पास एक मारुति ईको कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। गाड़ी से उतरते ही बदमाशों ने पिस्टल तान दी और कट्टे की बट व हथौड़ी से सिर व शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने करीब 2 किलो सोना, 200 ग्राम तैयार जेवर, 350 ग्राम कच्चा सोना, 100 ग्राम फाइन गोल्ड, 3 लाख 50 हजार रुपये नगद तथा कार लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एसीसीयू, सरकण्डा थाना, साइबर सेल, डॉग स्क्वॉड व एफएसएल की संयुक्त टीम गठित की गई। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपियों के उत्तर प्रदेश की ओर भागने की जानकारी मिली। तत्काल टीम रवाना की गई और मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर चार मुख्य आरोपियों को दबोच लिया गया। पूछताछ के बाद अन्य सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह को प्रॉपर्टी विवाद के चलते एक कारोबारी की हत्या के लिए 25 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। 18 दिसंबर 2025 को हत्या और लूट का प्रयास भी किया गया, लेकिन योजना असफल रही। इसके बाद आरोपियों ने एक होटल कारोबारी को लूटने की कोशिश की और सदर बाजार क्षेत्र की एक ज्वेलर्स दुकान की तिजोरी उड़ाने की योजना भी बनाई थी। अंततः महालक्ष्मी ज्वेलर्स को निशाना बनाया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और छत्तीसगढ़ के निवासी शामिल हैं। उनके कब्जे से 5 लाख 33 हजार रुपये नगद, एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, छह धारदार चाकू, छह मोबाइल फोन, एक मारुति ईको, एक रेनॉल्ट क्विड और एक महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया गया है।
मामले में सरकण्डा थाना में बीएनएस और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। वहीं, मिर्जापुर (उ.प्र.) में भी पुलिस पर हमला और लूट की संपत्ति के साथ भागने के प्रयास के संबंध में अलग से प्रकरण दर्ज किया गया है।
पूरे ऑपरेशन की मॉनिटरिंग पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में की गई। पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई में शामिल अधिकारियों और जवानों की सराहना करते हुए नगद इनाम की घोषणा की है।




