Chhattisgarh

बिना कार्ड मिलेगा 5 किलो गैस सिलेंडर, बिलासपुर में प्रवासी, श्रमिकों और विद्यार्थियों को बड़ी राहत

बिलासपुर, 01 अप्रैल। शहर में गैस आपूर्ति को लेकर सामने आ रही दिक्कतों के बीच प्रशासन और गैस कंपनियों ने बड़ा फैसला लेते हुए प्रवासी, श्रमिकों, विद्यार्थियों और एफटीएल उपभोक्ताओं को राहत दी है। अब इन वर्गों को बिना गैस कनेक्शन कार्ड के भी 5 किलो का गैस सिलेंडर 564 रुपये में उपलब्ध कराया जाएगा।

यह निर्णय कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिया गया, जिसमें गैस वितरकों और संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी रही। बैठक में तय किया गया कि जिन लोगों के पास स्थायी गैस कनेक्शन या आवश्यक दस्तावेज नहीं हैं, उन्हें भी ईंधन की कमी का सामना न करना पड़े, इसके लिए विशेष व्यवस्था लागू की जाए।

नई व्यवस्था के तहत 5 किलो का गैस सिलेंडर 112 रुपये प्रति किलो की दर से उपलब्ध कराया जाएगा। इसका सबसे ज्यादा लाभ प्रवासी मजदूरों, अस्थायी रूप से रहने वाले लोगों और छात्रों को मिलेगा, जो अक्सर दस्तावेजों के अभाव में गैस सुविधा से वंचित रह जाते हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इच्छुक उपभोक्ता अपने नजदीकी गैस एजेंसी में जाकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन कर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। साथ ही गैस एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि योजना का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचे और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अतिरिक्त वसूली न हो।

अधिकारियों का कहना है कि यह पहल आम लोगों के लिए राहत भरा कदम साबित होगी। इससे न केवल गैस की किल्लत को कम करने में मदद मिलेगी, बल्कि जरूरतमंद उपभोक्ताओं को आसानी से सस्ती दर पर ईंधन उपलब्ध हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button