Chhattisgarh

बालको जोन के वार्डों को 2.17 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजूदेवी राजपूत ने किया भूमिपूजन व लोकार्पण

कोरबा, 07 फरवरी 2026।
नगर पालिक निगम कोरबा के बालको जोन अंतर्गत वार्ड क्रमांक 47 और 39 को शनिवार को 2 करोड़ 17 लाख रुपये के विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली। इस अवसर पर नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया गया, वहीं सड़क, नाली, पेयजल पाइपलाइन विस्तार एवं आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में तथा महापौर संजूदेवी राजपूत अध्यक्षता में उपस्थित रहीं।

नगर निगम द्वारा वार्ड क्रमांक 47 के शिवनगर बिरसामुंडा मोहल्ला में 25 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण कराया गया है। शनिवार को इसका लोकार्पण मंत्री देवांगन और महापौर राजपूत के करकमलों से किया गया। इसके साथ ही वार्ड क्रमांक 47 के शिवनगर बिरसामुंडा बस्ती में 30 लाख रुपये की लागत से आरसीसी नाली एवं सीसी सड़क निर्माण कार्य, बालको जोन के विभिन्न आठ स्थानों पर 1 करोड़ 4 लाख रुपये की लागत से आठ आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

इसके अलावा वार्ड क्रमांक 39 में रिंग रोड से रोहित घर तक एवं रिंकी घर से विबल साहू घर तक 41 लाख 66 हजार रुपये की लागत से ओपीवीसी पाइपलाइन बिछाने का कार्य तथा वार्ड क्रमांक 47 के पॉलिटेक्निक कॉलेज बस्ती में 16 लाख 48 हजार रुपये की लागत से पेयजल पाइपलाइन विस्तार कार्य का भी भूमिपूजन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि वार्डवासियों की मांग और आवश्यकता के अनुसार विकास कार्य कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान शिवनगर बिरसामुंडा मोहल्ला के नागरिकों एवं शिव फाउंडेशन द्वारा सामुदायिक भवन की मांग रखी गई थी, जिसे पूरा करते हुए यह भवन जनता को समर्पित किया गया है। इससे क्षेत्रवासियों को सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए एक सुविधायुक्त स्थान उपलब्ध होगा।

मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश और कोरबा नगर के विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं है। महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि लखनलाल देवांगन कोरबा के विकास के लिए सदैव समर्पित रहे हैं और नगर निगम क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्षद, जनप्रतिनिधि, निगम अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। रविवार 8 फरवरी को टीपी नगर जोन और कोरबा जोन के वार्ड क्रमांक 9 में पेयजल व्यवस्था से जुड़े 87.50 लाख रुपये के कार्यों का भूमिपूजन टैगोर उद्यान में किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button