बालको कर्मचारियों का दिवाली बोनस तय, 15% बढ़ोतरी से राशि पहुँची 1.88 लाख

कोरबा। वेदांता समूह की भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) के कर्मचारियों के लिए इस बार की दिवाली और भी खास होने जा रही है। कंपनी प्रबंधन ने बोनस (एक्सग्रेशिया) में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। बीते साल कर्मचारियों को 1 लाख 64 हजार रुपए का बोनस मिला था, जबकि इस बार यह बढ़कर 1 लाख 88 हजार 212 रुपए हो गया है।
करीब 900 नियमित कर्मचारी और लगभग 600 एग्जीक्यूटिव इस फैसले से लाभान्वित होंगे। बोनस की राशि दशहरा से पहले सभी कर्मचारियों के बैंक खातों में जमा कर दी जाएगी।
बैठक में बनी सहमति
सूत्रों के अनुसार बुधवार को आईआर हेड विजय चंद्रा की मौजूदगी में यूनियनों की बैठक हुई। प्रबंधन ने शुरुआत में केवल 11 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा था। हालांकि, यूनियन प्रतिनिधियों ने एक राय से इसे अपर्याप्त बताते हुए 15 प्रतिशत वृद्धि पर जोर दिया।
लगभग डेढ़ घंटे चली बातचीत के बाद यूनियनें अपने प्रस्ताव पर अडिग रहीं। इसके बाद प्रबंधन ने इंटक यूनियन से अलग चर्चा की और अंततः सभी के सुझावों को मानते हुए 15 प्रतिशत वृद्धि पर सहमति बन गई।
पिछले साल बोनस : ₹1,64,000
इस साल बोनस : ₹1,88,212
बढ़ोतरी : 15 प्रतिशत
लाभार्थी : 900 नियमित कर्मचारी व 600 एग्जीक्यूटिव
भुगतान : दशहरा से पूर्व खातों में जमा