Chhattisgarh

बायोमेट्रिक हाजिरी व्यवस्था का HMS ने किया विरोध

एसईसीएल गेवरा क्षेत्र के महाप्रबंधक को सौंपा ज्ञापन, पुरानी व्यवस्था बहाल रखने की मांग

कोरबा, 09 मई 2026। हिन्द मजदूर सभा (HMS) से संबद्ध कोयला मजदूर सभा ने एसईसीएल गेवरा क्षेत्र में कर्मचारियों की उपस्थिति बायोमेट्रिक मशीन के माध्यम से अनिवार्य किए जाने का विरोध किया है। इस संबंध में संगठन के क्षेत्रीय सचिव एस.सी. मंसूरी ने गेवरा परियोजना के महाप्रबंधक को पत्र सौंपकर आपत्ति दर्ज कराई है।

एचएमएस नेता एस.सी. मंसूरी ने पत्र में कहा है कि बायोमेट्रिक मशीन के जरिए हाजिरी अनिवार्य करना माइंस एक्ट 1952 एवं माइंस रूल 1955 की भावना के विपरीत है। उन्होंने इसे औद्योगिक विवाद अधिनियम के प्रावधानों की भी अवहेलना बताया। उनका कहना है कि इस व्यवस्था से कर्मचारियों को विभिन्न प्रकार की तकनीकी एवं प्रशासनिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है, जिसका सीधा असर उत्पादन और सुरक्षा व्यवस्था पर पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि पूर्व में करोड़ों रुपये की लागत से खरीदी गई बायोमेट्रिक मशीनें उपयोग नहीं होने के कारण कबाड़ में पड़ी हुई हैं। ऐसे में दोबारा इस व्यवस्था को लागू करना व्यावहारिक नहीं है।

एचएमएस ने मांग की है कि खदानों में उत्खनन कार्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूर्व से चली आ रही रजिस्टर आधारित उपस्थिति प्रणाली को यथावत रखा जाए। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि कर्मचारियों पर बायोमेट्रिक हाजिरी व्यवस्था थोपी गई तो इससे उत्पादन और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

Related Articles

Back to top button