बस्तर हेरिटेज मैराथन 2026 में 9,800 से अधिक धावकों ने लिया हिस्सा, बस्तर ने रचा नया इतिहास

रायपुर, 22 मार्च 2026। ‘बस्तर हेरिटेज मैराथन 2026’ में 9,800 से अधिक पंजीकृत धावकों की भागीदारी के साथ बस्तर ने नया इतिहास रच दिया। यह आयोजन खेल प्रतियोगिता के साथ-साथ बस्तर में बढ़ती शांति, विकास और पुनर्वास नीतियों की सफलता का प्रतीक बनकर सामने आया।
मैराथन का शुभारंभ जगदलपुर के ऐतिहासिक लालबाग मैदान से हुआ और समापन विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात के समीप आयोजित समारोह में किया गया। कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह आयोजन समृद्ध और विकसित बस्तर की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि लंबे समय से अशांत रहा बस्तर अब शांति और विकास की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में किरण सिंह देव ने कहा कि इस तरह के आयोजन बस्तर में विकास और समृद्धि के नए अध्याय की शुरुआत कर रहे हैं। वहीं सांसद महेश कश्यप और विधायक विनायक गोयल ने भी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए आयोजन की सराहना की।
मैराथन को 42 किमी, 21 किमी, 10 किमी और 5 किमी श्रेणियों में आयोजित किया गया। 42 किमी फुल मैराथन लालबाग से शुरू होकर चित्रकोट तक पहुंची, जबकि 21 किमी दौड़ पोटानार, 10 किमी कुम्हरावंड और 5 किमी दौड़ दलपत सागर रानीघाट तक आयोजित की गई। इसमें बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए 25 लाख रुपये की इनामी राशि घोषित की गई थी। साथ ही स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर देने के लिए ‘बस्तर कैटेगरी’ बनाई गई और बस्तर जिले के प्रतिभागियों के लिए पंजीकरण निःशुल्क रखा गया।
इस आयोजन की खास बात यह रही कि मांझी-चालकी समुदाय के लोगों ने भी बड़ी संख्या में हिस्सा लिया, जिससे सामाजिक समावेशिता को बढ़ावा मिला। मैराथन के माध्यम से बस्तर की संस्कृति, शांति और विकास की नई तस्वीर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत हुई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, महापौर संजय पांडेय, श्रीनिवास राव मद्दी, बलदेव मंडावी, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी., कलेक्टर आकाश छिकारा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।




