Chhattisgarh

बलौदाबाजार में पति ने पत्नी पर ईंट से किया जानलेवा हमला, सिर और चेहरे पर गंभीर चोट, आरोपी गिरफ्तार

बलौदाबाजार-भाटापारा, 23 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में घरेलू हिंसा का गंभीर मामला सामने आया है। हथबंद थाना क्षेत्र के ग्राम गोरदी में एक पति ने अपनी पत्नी पर ईंट से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में महिला के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद महिला कमरे में खून से लथपथ बेहोशी की हालत में मिली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति सुभाष दास मानिकपुरी (33 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 22 अक्टूबर 2026 की दोपहर करीब 3 बजे की है। ग्राम गोरदी निवासी सुभाष दास मानिकपुरी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी फलिता मानिकपुरी पर जान से मारने की नीयत से ईंट से हमला कर दिया। आरोपी ने महिला के सिर और मुंह पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर प्रार्थी अन्य ग्रामीणों के साथ आरोपी के घर पहुंचा। वहां कमरे के अंदर फलिता मानिकपुरी खून से लथपथ बेहोश पड़ी मिली। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की शिकायत मिलने के बाद हथबंद पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ अपराध क्रमांक 234/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) और 85 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

बलौदाबाजार-भाटापारा SP गौरव राय के निर्देशन में हथबंद थाना पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुभाष दास मानिकपुरी को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल ईंट का टुकड़ा और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए।

पुलिस ने 23 अक्टूबर 2026 को आरोपी सुभाष दास मानिकपुरी, पिता हेमदास मानिकपुरी, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम गोरदी, थाना हथबंद को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।

फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। महिला पर हमले के पीछे की वजह को लेकर पुलिस की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।

Related Articles

Back to top button