Chhattisgarh

बलौदाबाजार में अवैध रेत उत्खनन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, सरपंच पर भी कार्रवाई की तैयारी

बलौदाबाजार। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देशानुसार जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज विभाग ने तहसील लवन अंतर्गत ग्राम तिल्दा स्थित महानदी क्षेत्र में निरीक्षण कर अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए महत्वपूर्ण कार्रवाई की है।खनिज विभाग की टीम ने विगत गुरुवार को महानदी क्षेत्र का निरीक्षण किया।

जांच के दौरान मौके पर अवैध रेत उत्खनन या परिवहन होते नहीं पाया गया, लेकिन नदी तक पहुंचने और रेत उत्खनन करने के उद्देश्य से बनाए गए रैम्प का निर्माण मिला। विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन की सहायता से रैम्प को काटकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया, ताकि भविष्य में अवैध रेत चोरी और उत्खनन को रोका जा सके।

निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीण सुरेश डहरिया, विष्णु डहरिया, चिंतामणी घृतलहरे, सत्या डहरिया और दीप सिंह डहरिया ने अधिकारियों को बताया कि ग्राम पंचायत तिल्दा के सरपंच द्वारा प्रति ट्रैक्टर रेत भरने के एवज में 200 रुपये की वसूली की जाती है। ग्रामीणों के बयान के आधार पर खनिज विभाग ने छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा-40 के तहत ग्राम पंचायत तिल्दा के सरपंच के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए जिला पंचायत और संबंधित अनुविभागीय अधिकारी को पत्र भेजा है।

खनिज विभाग ने बताया कि इससे पहले 29 अप्रैल को भी तिल्दा क्षेत्र में जांच अभियान चलाया गया था। उस दौरान 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली को नदी क्षेत्र में अवैध रूप से रेत उत्खनन और परिवहन करते हुए पकड़ा गया था। जांच में पाया गया कि संबंधित वाहन चालकों के पास वैध खनिज अनुमति दस्तावेज और अभिवहन पारपत्र नहीं थे।

इसके बाद विभाग ने खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा-21(4), छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के नियम-71 तथा छत्तीसगढ़ खनिज (खनन, परिवहन तथा भंडारण) नियम 2009 के नियम-4(3) के तहत कार्रवाई करते हुए वाहनों को जब्त कर थाना लवन में सुरक्षार्थ खड़ा कराया। साथ ही अवैध उत्खनन का प्रकरण भी दर्ज किया गया है।

जिले में लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध रेत कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button