पुरानी रंजिश में मारपीट, चार आरोपी गिरफ्तार,टांगी और डंडे से हमला, गंभीर रूप से घायल हुआ युवक

जांजगीर-चांपा, 07 फरवरी 2026। बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम बैजलपुर में पुरानी रंजिश को लेकर हुए मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक नग टांगी एवं डंडा जप्त किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी हंषराज कश्यप, निवासी बैजलपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 जनवरी 2026 को गांव में कौशल प्रसाद केवट के घर छट्ठी कार्यक्रम आयोजित था। कार्यक्रम के दौरान नाचने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था, जिसे तत्काल शांत करा दिया गया था।
रात करीब 8:30 बजे उसी विवाद को लेकर संदीप केवट एवं उसके भांजे लोकेश केवट द्वारा मारपीट की जा रही थी। बीच-बचाव करने पहुंचे प्रार्थी के साथ लोकेश केवट ने गाली-गलौज कर हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान अश्वनी केवट, मनमोहन गांधी एवं भोला प्रसाद केवट सहित अन्य परिजन एक राय होकर डंडा और टांगी से हमला कर प्रार्थी को गंभीर चोट पहुंचाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में जुर्म स्वीकार करने पर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(2), 115(2), 118(2), 191(3) के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में अश्वनी केवट उर्फ परमेश्वर (38), मनमोहन गांधी (31), भोला प्रसाद केवट (42) निवासी बैजलपुर एवं लोकेश कुमार केवट (21) निवासी पहरिया शामिल हैं।
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक सुनील टैगोर तथा आरक्षक बृजपाल बर्मन, संदीप डहरिया एवं नारायण भानू का सराहनीय योगदान रहा।




