Chhattisgarh

पाली क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा: ट्रक की चपेट में आने से तीन युवकों की मौके पर मौत

कोरबा, 18 मार्च 2026। जिले के पाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नूनेरा के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा एक तेज रफ्तार और लापरवाह ट्रक चालक के कारण हुआ, जिसने मोटरसाइकिल सवार युवकों को कुचल दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक तेज गति में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा रहे मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों के ऊपर चढ़ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक भी अनियंत्रित होकर मौके पर पलट गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए और पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना पर पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पाली थाना प्रभारी नागेश तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ प्रतीत होता है। मामले की जांच की जा रही है तथा ट्रक चालक के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने मृतकों की पहचान करने और उनके परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Related Articles

Back to top button