Chhattisgarh

नेशनल हाईवे-30 पर भीषण सड़क हादसा: दो कारों की टक्कर में 6 की मौत, 3 गंभीर

कांकेर, 10 अप्रैल 2026।
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नाथिया नवागांव के पास हुआ, जहां दो कारों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल एम्बुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज कांकेर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दो कारों के बीच आमने-सामने टक्कर हुई, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई और 3 अन्य घायल हुए हैं। फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों के बयान के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button