नुकसान की आशंका: लगातार बारिश से तिल-उड़द की फसल को नुकसान, फलियों में अंकुरण हो गया

[ad_1]
छतरपुर18 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
पिछले दिनों जिले में हुई लगातार बारिश से तिल, उड़द और मूंग की फसल को नुकसान हुआ है। इस बार जल्दी व समय से इनकी बोवनी होने के कारण यह पक कर तैयार हो गई। लेकिन लगातार बारिश होने से तिल की फसल काली पड़ गई है। वहीं उड़द की फसल सड़ने लगी, खेत पर खड़ी उड़द के पौधे की फलियों में अंकुरण हो गया है। मूंग की फसल में भी नुकसान है, इनकी भी फलियों में अंकुरण हो गया है। छतरपुर जिले में करीब 3 लाख हेक्टेयर में तिल, मूंग, उड़द की बोवनी हुई है। जबकि सोयाबीन और मूंगफली का रकबा घटकर केवल 5-5 हजार हेक्टेयर है।
सोयाबीन और मूंगफली की फसल में कोई नुकसान नहीं है। ग्राम मवासी के किसान पप्पू यादव ने बताया कि उन्होंने 30 हजार की लागत से 10 एकड़ में तिल बोई थी। फसल अच्छी और पक कर तैयार थी, उन्हें इससे अच्छा मुनाफा होने की उम्मीद थी। लेकिन लगातार बारिश होने से फसल काली पड़ गई है। जिससे भारी नुकसान होने की उम्मीद है। सौंरा के किसान अयोध्या प्रसाद पटेल ने बताया इस बार मूंग, उड़द और तिल में अच्छी फायदा होने की उम्मीद थी।
लेकिन लगातार बारिश ने फसल खराब कर दी है। बता दें कि इस साल अब तक जिले में 35 इंच से अधिक बारिश हो चुकी है। जबकि पिछले वर्ष इस अवधि तक केवल करीब 29 इंच बारिश ही हुई थी। जिले में एक सीजन में औसत वर्षा 42.3 इंच मानी जाती है, जबकि अब तक 35 इंच से अधिक बारिश हो गई है। यह कुल औसत बारिश से करीब 7 इंच कम है। जिले में बारिश का सीजन 30 सितंबर तक माना जाता है। अभी और बारिश होने की उम्मीद है। कृषि उप संचालक मनोज कश्यप ने बताया कि फसलों का सर्वे राजस्व विभाग काे करना है। जो जल्द ही होगा। वहीं राजस्व विभाग अभी कोई निर्देश नहीं मिलने की बात कर रहा है।
Source link