Chhattisgarh

‘नीम करौरी बाबा’ के बरपाली पहुंचते ही उमड़ा जनसैलाब, जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा पूरा गांव

  • ‘हनुमान अंश’ फिल्म के अभिनेता शोभिनव सत्यजी का भव्य स्वागत, मां मड़वारानी मंदिर में किए दर्शन, बोले— बजरंगबली की कृपा से मिली पहचान

बरपाली (कोरबा)। हनुमान अंश फिल्म में नीम करौरी बाबा की प्रभावशाली भूमिका निभाकर देशभर में पहचान बनाने वाले अभिनेता शोभिनव सत्यजी के बरपाली आगमन ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल में सराबोर कर दिया। उनके स्वागत में उमड़ी भीड़, डीजे की गूंज और ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से पूरा बरपाली गूंज उठा। अभिनेता की एक झलक पाने और उनके साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

शुक्रवार को कोरबा में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान शोभिनव सत्यजी बरपाली पहुंचे। यहां उन्होंने बस स्टैंड स्थित नव-निर्मित मां मड़वारानी मंदिर में दर्शन-पूजन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। उनके आगमन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, श्रद्धालु और युवा मौके पर पहुंच गए। मुख्य चौक से मंदिर परिसर तक लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण रामभक्ति के रंग में रंग गया।

स्थानीय समिति ने अभिनेता का पुष्पहार, श्रीफल और शाल भेंट कर आत्मीय सम्मान किया। स्वागत से अभिभूत अभिनेता शोभिनव सत्यजी ने कहा कि बरपाली के लोगों ने उन्हें जो अपनापन और सम्मान दिया है, उसे वे कभी नहीं भूल पाएंगे। उन्होंने कहा कि बजरंगबली की कृपा से ही उन्हें ‘हनुमान अंश’ में नीम करौरी बाबा का किरदार निभाने का सौभाग्य मिला और आज जो पहचान मिली है, वह प्रभु श्रीहनुमान के आशीर्वाद का ही परिणाम है।

उन्होंने नवरात्रि और दशहरा पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी से सनातन संस्कृति, भारतीय परंपराओं और धार्मिक मूल्यों से जुड़े रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन ‘जय सीताराम’ के सामूहिक उद्घोष के साथ हुआ।

कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्राम पंचायत बरपाली के सरपंच भुनेश्वर बिंझवार, पीयूष गुरुद्वान, विकास निर्मलकर, दिप्तेश पाण्डेय, राजू निर्मलकर, भोलू यादव, रवि यादव, आदेश साहू, नारायण यादव, कपिल, हरीश यादव, वीरेन्द्र शुक्ला, संदीप अग्रवाल सहित स्थानीय युवक मंडल, महिला समिति एवं समस्त ग्रामवासियों की सक्रिय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button